विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रचने की दहलीज पर साहिबजादा फरहान! बस 36 रन हैं दूर
साहिबजादा फरहान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गजब की फॉर्म में चल रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 63 रनों की पारी के साथ उनके नाम इस वर्ल्ड कप में सर्वाधिक 283 रन हो गए हैं। अब उनकी नजरें विराट कोहली के ऑल टाइम रिकॉर्ड पर है।

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान का बल्ला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खूब तबाही मचा रहा है। एक शतक और दो अर्धशतकों के साथ वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की रेस में पहले स्थान पर बने हुए है। साहिबजादा फरहान ने इंग्लैंड के खिलाफ हुए सुपर-8 मुकाबले में एक और अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 63 रन बनाए। इस 63 रनों के साथ उनके नाम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 5 पारियों में कुल 283 रन हो गए हैं। अब साहिबजादा फरहान की नजरें विराट कोहली के ऑलटाइम रिकॉर्ड पर होगी, जिससे वह मात्र 36 ही रन दूर हैं।
यह रिकॉर्ड है एक टी20 वर्ल्ड कप एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का। विराट कोहली ने 2014 टी20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक 319 रन बनाकर यह रिकॉर्ड स्थापित किया था। पिछले 12 सालों से तो यह रिकॉर्ड कोई नहीं तोड़ पाया है। 2021 में जरूर 303 रन बनाकर बाबर आजम इस रिकॉर्ड के नजदीक पहुंचे थे, मगर वह रिकॉर्ड को तोड़ नहीं पाए थे।
विराट कोहली के एक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के इस रिकॉर्ड से साहिबजादा फरहान ज्यादा दूर नहीं है। उन्हें विराट कोहली को पछाड़ने के लिए मात्र 37 रनों की दरकार है। मगर समस्या यह है कि उनके पास इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए शायद एक ही मौका है।
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ सुपर-8 में मिली हार के बाद पाकिस्तान सेमीफाइनल की दौड़ में पिछड़ गया है। अब उनकी किस्मत अपने हाथों में नहीं है। पाकिस्तान का सुपर-8 का आखिरी मैच श्रीलंका से है। पाकिस्तान को अगर सेमीफाइनल में पहुंचना है तो उन्हें श्रीलंका के खिलाफ अगला मैच तो जीतना होगा, साथ ही न्यूजीलैंड की हार की दुआ भी करनी होगी।
अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंचता है तो ही साहिबजादा फरहान को विराट कोहली का यह रिकॉर्ड तोड़ने का दूसरा मौका मिलेगा, नहीं तो श्रीलंका के खिलाफ सुपर-8 का मैच उनका इस टी20 वर्ल्ड कप में आखिरी मैच हो सकता है और इसी मैच में वह विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ना चाहेंगे।
T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन
319 - विराट कोहली (2014)
317 - तिलकरत्ने दिलशान (2009)
303 - बाबर आजम (2021)
302 - महेला जयवर्धने (2010)
296 - विराट कोहली (2022)
295 - तमीम इकबाल (2016)
289 - डेविड वॉर्नर (2021)
283 - साहिबजादा फरहान (2026)*
281 - मोहम्मद रिजवान (2021)
281 - आर गुरबाज (2024)
273 - विराट कोहली (2016)
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


