SA vs AFG: सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने कैसी जीती हारी बाजी? ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
SA vs AFG Super Over: साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। मैच का रिजल्ट डबल सुपर ओवर में निकला। अफगानिस्तान ने 187 रन बनाकर मैच टाई कराया।
साउथ अफ्रीका ने बुधवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत हासिल की। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए ग्रुर बी मैच का रिजल्ट डबल सुपर ओवर में निकला। रयान रिकेल्टन (61) और क्विंटन डिकॉक (59) के अर्धशतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने 187/6 का स्कोर बनाया। जवाब में अफगानिस्तान ने 19.4 ओवर में 187 रन जुटाकर मैच टाई कर दिया। रहमानुल्लाह गुरबाज ने अफगानिस्तान के लिए 42 गेंदों में 84 रनों की तूफानी पारी खेली। लूंगी एनगिडी प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने 26 रन देकर तीन विकेट झटके।
कुछ ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
अफगानिस्तान को कगिसो रबाडा द्वारा डाले गए 20वें ओवर में 13 रनों की जरूरत थी और एक विकेट शेष था। रबाडा ने नो बॉल से ओवर की शुरुआत की। नूर अहमद कवर पर कैच हो गए थे लेकिन बच गए। तेज गेंदबाज रबाडा ने अगली गेंद वाइड डाली। उन्होंने फिर लीगल डिलीवरी की, जिसपर नूर कोई रन नहीं बना सके। नूर ने दूसरी गेंद पर छक्का ठोका। तीसरी गेंद डॉट रही। रबाडा ने अगली गेंद पर नूर को फिर कैच कराया लेकिन अंपायर ने नो बॉल करार दिया। ऐसे में नूर ने दौड़कर दो रन कंप्लीट कर लिए। अफगानिस्तान को महज एक रन की दरकार थी मगर फजलहक फारूकी चौथी गेंद पर रनआउट हो गए। उनका खाता नहीं खुला। मैच ओवर में पहुंच गया। नूर ने 9 गेंदों में नाबाद 15 रन बटोरे।
अफगानिस्तान ने सुपर ओवर बनाए 17
अफगानिस्तान ने पहले सुपर ओवर में 17 रन जुटाए। अजमतुल्लाह उमरजई ने लुंगी एनगिडी की पहली गेंद पर चौका और अगली पर छक्का जमाया। उन्होंने तीसरी गेंद पर सिंगल लिया। गुरबाज ने चौथी गेंद पर एक रन बनाया और उमरजई पर अजमतुल्लाह क्रीज पर आए। उन्होंने पांचवी गेंद पर चौका जड़ा और फिर सिंगल लिया। साउथ अफ्रीका की ओर से बैटिंग करने डेविड मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस उतरे। मिलर ने फारूकी की पहली गेंद पर सिंगल निकाला और ब्रेविस ने दूसरी पर हवाई फायर किया। वह तीसरी गेंद पर पवेलियन लौट गए। ट्रिस्टन स्टब्स ने चौथी गेंद पर चौका मारा। फारूकी ने अगली गेंद डॉट डाली। स्टब्स ने छठी गेंद पर छक्का लगाकर साउथ अफ्रीका की उम्मीदों को जिंदा रखा। पहला सुपर ओवर टाई होने के बाद दूसरा सुपर ओवर हुआ।
साउथ अफ्रीका ने कैसी जीती हारी बाजी?
साउथ अफ्रीका ने दूसरे ओवर में 23 रन बटोरे। अफगानसिस्तान की ओर से अजमतुल्लाह उमरजई ने गेंदबाजी की। स्टब्स ने पहली गेंद पर छक्का लगाया जबकि दूसरी पर सिंगल लिया। मिलर ने तीसरी पर डबल निकाला और अगली दो गेंदों पर हवाई फायर किया। उन्होंने अंतिम गेंद पर दौड़कर दो रन लिए। दूसरे ओवर में अफगानिस्तान के लिए मोहम्मद नबी और गुरबाज बैटिंग करने उतरे। साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने इस बार स्पिनर केशव महाराज को गेंद थमाकर सभी को चौंका दिया। महाराज की पहली गेंद डॉट रही और अगली पर नबी को अपने जाल में फंसाया। गुरबाज ने तीसरी, चौथी और पांचवी गेंद पर छक्का लगाकर साउथ अफ्रीकी खेमे की धड़कने बढ़ा दीं। महाराज ने फिर वाइड डाली। अफगानिस्तान को अंतिम गेंद पर जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। ऐसे में महाराज ने गुरबाज को मिलर के हाथों कैच करवाकर साउथ अफ्रीका को जीत दिला दी।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





