
रोमारियो शेफर्ड ने सूर्यकुमार यादव को पीछे छोड़ा, सबसे कम गेंद में 50 छक्के लगाने वाले चौथे बैटर
वेस्टइंडीज के विस्फोटक ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 50 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने का सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा।
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड ने गुरुवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज (फुल मेंबर) बन गए हैं। रोमारियो ने आकलैंड में खेले गए मुकाबले में बीच के ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। उन्होंने अपनी पारी के दौरान भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ा, जोकि सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने वाले अब पांचवें बल्लेबाज हो गए हैं।
रोमारियो शेफर्ड ने अपनी तूफानी पारी के दौरान टी20 इंटरनेशनल में 50 छक्कों का आंकड़ा छू लिया। रोमारियो शेफर्ड ने सिर्फ 494 गेंदों में 50 टी20 इंटरनेशनल छक्के पूरे किए। इस सूची में पहले स्थान पर भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 331 गेंदों में 50 छक्के जड़ दिए हैं। इसके बाद वेस्टइंडीज के ही एविन लुईस (366 गेंद) और आंद्रे रसेल (409 गेंद) लिस्ट में मौजूद हैं। हजरतुल्लाह जजई ने 492 गेंदों में ये मुकाम हासिल किया था। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 512 गेंदों में 50 छक्के जड़े थे। इस लिस्ट में टॉप 8 में वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ी (लुईस, रसेल, शेफर्ड) शामिल हैं, जो टी20 क्रिकेट में उनके वर्चस्व को दिखाते हैं।
रोमारियो शेफर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में 16 गेंद में 4 छक्के और एक चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली। उन्होंने पॉवेल के साथ 62 रन की साझेदारी की। जिससे टीम खराब शुरुआत के बाद 150 के पार पहुंचने में सफल रही। न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मुकाबले में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें न्यूजीलैंड ने अपनी शानदार बल्लेबाजी और नपे-तुले गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर 3 रन से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही तीन मैचों की यह टी20 सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है।
न्यूजीलैंड ने मार्क चैपमैन की विस्फोटक पारी (28 गेंदों पर 78 रन, 7 छक्के) की बदौलत 207/5 का विशाल स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान रोवमैन पॉवेल (16 गेंदों पर 45 रन) और निचले क्रम में रोमारियो शेफर्ड ने तेज रन बनाए। हालांकि वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।






