रोहित शर्मा की वापसी तय,विराट कोहली की कमी खलेगी, AFG के खिलाफ ODI सीरीज शुरू होने से पहले बोले कोच मोर्ने मॉर्केल
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने विराट कोहली के अनुपलब्ध होने को भारत के लिए एक बड़ी कमी बताया है। हालांकि, रोहित शर्मा की टीम में वापसी से वे बेहद खुश हैं और इससे टीम को मजबूती मिलेगी।

भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार, 13 मार्च को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एशोसिएशन धर्मशाला में खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम के लिए रोहित शर्मा खेलते हुए नजर आएंगे, जबिक विराट कोहली हेमस्ट्रिंग की चोट के कारण इस पूरी सीरीज से बाहर हैं। मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने विराट कोहली के अनुपलब्ध होने को भारत के लिए एक बड़ी कमी बताया है। हालांकि, रोहित शर्मा की टीम में वापसी से वे बेहद खुश हैं और इससे टीम को मजबूती मिलेगी।
विराट कोहली की कमी खलेगी
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे से पहले मोर्केल ने कहा कि विराट कोहली को प्राप्त अनुभव और मध्य ओवरों में पारी को संभालने की क्षमता के कारण उनके टीम में ना होने से कमी खलेगी। उन्होंने कहा "विराट की गैरमौजूदगी से हमें काफी नुकसान होगा। वह टीम के वरिष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। खासकर बीच के ओवरों में जिस तरह से वह बल्लेबाजी करते हैं, उसकी कमी हमें खलेगी। दुर्भाग्य से, चोटों और ऐसी अन्य चीजों पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है। इस सीरीज में किसी और खिलाड़ी के लिए यह एक नया मौका है कि वह मैदान पर उतरकर उनकी जगह ले। हम इसके लिए उत्साहित हैं और उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।"
कल का मैच खेलने को उत्साहित हैं रोहित शर्मा
दूसरी ओर, मोर्केल ने रोहित शर्मा की वापसी का स्वागत करते हुए टीम में उनके अनुभव और शांत स्वभाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि रोहित अच्छी तरह से प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे पूरी तरह से फिट हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में मैदान पर वापसी करने के लिए उत्सुक हैं। मोर्केल ने कहा "रोहित के साथ, उनका अनुभव वापस आना हमेशा अच्छा होता है। ड्रेसिंग रूम में उनकी शांति हमेशा सकारात्मक होती है। वह अच्छी तरह से ट्रेनिंग कर रहे है, अच्छी तरह से मूव कर रहे हैं। इसलिए मुझे लगता है, मुझे पता है कि वह भी कल खेलने के लिए उत्साहित हैं।"
विराट कोहली की आईपीएल फाइनल में खिंची थी हैमस्ट्रिंग
बता दें कि भारतीय टीम के सीनियर बल्लेबाज विराट कोहली को आईपीएल के फाइनल में 31 मई को बल्लेबाजी के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया था, जिसकी वजह से वे इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। हार्दिक पांड्या को भी इस सीरीज के लिए रूल्ड आउट कर दिया गया है। रोहित भी पिछले दिनों हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहेबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे थे। हालांकि, अब वे पूरी तरह से फिट हैं और मैदान पर उतरने के लिए और चौके- छक्के बरसाने के लिए तैयार हैं। उनके साथ सलामी बल्लेबाजी करते कप्तान गिल नजर आएंगे। विराट कोहली के स्थान पर यानी तीसरे नंबर पर और हार्दिक पांड्या की जगह 6वें स्थान पर कौन खेलेगा यह देखना दिलचस्प होगा।
लेखक के बारे में
Vimlesh Kumar Bhurtiyaविमलेश कुमार भुर्तिया (Vimlesh Kumar Bhurtiya): खेल पत्रकार
संक्षिप्त विवरण
विमलेश कुमार भुर्तिया पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: विमलेश कुमार भुर्तिया भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक उभरता हुआ नाम हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 4 वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्पोर्ट्स टीम में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पिछले चार वर्षों से वह इसी संस्थान से जुड़े हुए हैं और डिजिटल मीडिया की गतिशीलता, कार्यशैली और प्रकृति को समझने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि पाठक किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म की रीढ़ होता है ऐसे में उनके हितों को ध्यान में रखते हुए खबरों का प्रकाशन होना चाहिए। यह पत्रकारिता को जीवंत रखता है और जर्नलिज्म का मूल गुण भी यही है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
विमलेश ने भारत के सबसे प्रतिष्ठित पत्रकारिता संस्थान से अपनी शिक्षा ग्रहण की है। वे 2021-22 बैच के भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली के छात्र रहे हैं। उन्होंने इस नामी संस्थान से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा किया है। इसके बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में ही मास्टर्स यानी (M.A) की डिग्री भी हासिल की है। इन्होंने अपना ग्रेजुएशन मध्य प्रदेश के नामचीन साइंस कॉलेजों में से एक होलकर साइंस कॉलेज से किया है। ग्रेजुएशन के दूसरे साल से ही विमलेश की दिलचस्पी साहित्य और पत्रकारिता की ओर जागृत होने लगी थी। यही कारण था कि ग्रेजुएशन के दिनों में ही उन्होंने दैनिक चैतन्यलोक नामक इंदौर की क्षेत्रीय पत्रिका में काम करना शुरू कर दिया। कुछ महीनों बाद उन्होंने दैनिक भास्कर में बतौर कॉपी एडिटर ट्रेनिंग ली। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग से मास मीडिया में इंटर्नशिप की। विमलेश कुमार भुर्तिया को कंप्यूटर का भी अच्छा ज्ञान है। उन्होंने भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय से कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमा किया है।
खेल पत्रकारिता और पत्रकारिता का उद्देश्य
विमलेश खेल से जुड़ी तमाम तरह की स्टोरीज पाठकों तक पहुंचाते हैं, जिनमें तथ्यों की स्पष्टता होती है और सकारात्मक विश्लेषण भी शामिल होता है। ये क्रिकेट की दुनिया का अच्छा ज्ञान रखते हैं और राजनीति में गहरी दिलचस्पी है। राजनीति और क्रिकेट में घट रही घटनाओं का विश्लेषण करना उनकी तह तक जाना विमलेश को पसंद है। उनका मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी तथ्यपरकता (Fact-checking) है। चाहे वह चकाचौंध से भरा क्रिकेट जगत हो या अन्य खेल और खिलाड़ियों का जीवन। बतौर खेल पत्रकार यह कसौटी हर वक्त बनी रहनी चाहिए कि लेखन हमेशा प्रमाणिक हो। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचित करना है, बल्कि उन्हें सही और सुरक्षित जानकारी के माध्यम से सशक्त बनाना भी है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सूचना, शिक्षा और मनोरंजन होता है और इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करना एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।



