लॉर्ड्स वनडे का 'टर्निंग पॉइंट', इस एक विकेट ने पलटी बाजी; रोहित-कोहली का टूटा दिल
इंडिया वर्सेस इंग्लैंड लॉर्ड्स वनडे का टर्निंग पॉइंट रोहित शर्मा का विकेट रहा। एक समय 388 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 260 रन था। जैसे ही रोहित आउट हुए मैच पूरी तरह से पलट गया।

भारत को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 388 रनों के मुश्किल टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने अच्छी लड़ाई लड़ी और 360 रन बोर्ड पर लगाने में कामयाब रही। हालांकि भारत फिनिशिंग लाइन क्रॉस करने में नाकामयाब रही। इस रनचेज में एक समय पर 39वें ओवर में भारत का स्कोर 1 विकेट के नुकसान पर 260 रन था। रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच जबरदस्त साझेदारी चल रही थी, दोनों स्टार बल्लेबाज दूसरे विकेट के लिए 100 से अधिक रन जोड़ चुके थे। मगर जैसे ही हिटमैन आउट हुए मैच पूरी तरह से पलट गया। रोहित शर्मा का ही विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
रोहित शर्मा के आउट होते ही लड़खड़ा गई टीम इंडिया
388 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने भारत को शानदार शुरुआत दी थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े थे। गिल 77 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे थे, उन्हें आदिल रशीद ने LBW आउट किया था। इसके बाद नंबर-3 पर आउट विराट कोहली ने इस रनचेज को संभाला। रोहित-विराट के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की पार्टनरशिप हुई।
रोहित शर्मा ने पहले दो मैचों के फ्लॉप शो के बाद तीसरे वनडे में शानदार कमबैक किया और शतक जड़ा। हिटमैन जब 138 के निजी स्कोर पर थे तो उन्हें जैकब बेथल ने बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद ईशान किशन 14 तो श्रेयस अय्यर 0 पर आउट हुए। लगातार गिर रहे विकेट से दबाव विराट कोहली पर बढ़ रहा था, रोहित-कोहली को अपनी मेहनत पर पानी फिरता हुआ दिख रहा था। कोहली भी फिर 74 के स्कोर पर सैम कुर्रन की गेंद पर आउट हो गए।
260 के स्कोर पर दूसरा विकेट गिरने के बाद भारत को तीसरा झटका 304 के स्कोर पर लगा। देखते ही देखते 329 के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते भारत 7 विकेट गंवा चुका था। लगातार विकेटों के इस पतन ने भारत को मैच से बाहर कर दिया।
मिडिल ऑर्डर ने किया बुरी तरह निराश
टॉप ऑर्डर में रोहित शर्मा के शतक और शुभमन गिल व विराट कोहली की फिफ्टी के बाद कोई बल्लेबाज 20 रन तक का आंकड़ा पार नहीं कर पाया।
ईशान किशन 14, श्रेयस अय्यर 0, केएल राहुल 12, अक्षर पटेल 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि गुरनूर बरार 18 और अर्शदीप सिंह 15 रन बनाकर नाबाद रहे।
अगर भारत को मिडिल ऑर्डर से थोड़ा साथ मिल जाता तो टीम इंडिया 388 रनों का टारगेट चेज कर इतिहास रच सकती थी।



