रोहित शर्मा ने शतक ठोकने के बाद क्यों किया बच्चों जैसा सेलिब्रेशन? खुद भी नहीं उठाया इस राज से पर्दा
रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे मैच में तूफानी शतक जड़ा और फिर ऐसा सेलिब्रेशन किया, जो खुद एक राज बन गया है, क्योंकि रोहित ने भी नहीं बताया है कि उन्होंने ऐसा क्यों किया।

भारतीय ओपनर रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शतक जड़ा। इसके बारे में चर्चा नहीं हो रही, क्योंकि दोहरा शतक जड़कर और कई वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर शुभमन गिल ने महफिल लूट ली। हालांकि, फिर भी रोहित शर्मा ने एक ऐसा सवाल सभी के लिए छोड़ दिया, जिसका जवाब किसी के पास नहीं है। खुद रोहित शर्मा ने भी इसका खुलासा नहीं किया है। दरअसल, मामला उनके शतक के बाद किए गए सेलिब्रेशन से जुड़ा है। रोहित ने शतक जड़ने के बाद बहुत ही अलग तरह का सेलिब्रेशन किया, जिसमें वह 100वां रन दौड़ने के बाद एक बच्चे की तरह जॉगिंग करते हुए दूसरे एंड तक पहुंचे। इसका एक मतलब यह हो सकता है कि वह सभी को दिखाना चाहते हैं कि वे 39 की उम्र में भी फिट हैं और 50 ओवर फील्डिंग के बाद 25 से ज्यादा ओवर बल्लेबाजी करने के बाद भी वे मैदान पर खड़े हैं। इसके अपने-अपने मायने लोग निकाल रहे हैं, लेकिन रोहित ने इस राज से पर्दा नहीं उठाया है।
रोहित शर्मा ने अपने 35वें ODI शतक और उसके बाद किए गए सेलिब्रेशन के बारे में बताया, "मैं वह सेलिब्रेशन अपने लिए रखता हूं। आह, यह मेरे लिए है। कुछ चीजें बस आपके साथ रहने के लिए होती हैं। उन्हें शेयर नहीं करना होता। ऐसे मं हां, वह मेरे लिए था।" गिल के साथ बैटिंग और 400 रन का पीछा करते हुए उनकी 200 से ज़्यादा रन की पार्टनरशिप पर रोहित बोले, "मुझे लगता है, विकेट अच्छा था। हम बस बैटिंग करते रहना चाहते थे। सच कहूं तो, हम स्कोरबोर्ड के बारे में ज़्यादा नहीं सोच रहे थे। हम बस गेंद की मेरिट के हिसाब से खेलने की कोशिश कर रहे थे और हम पार्टनरशिप बनाते रहे, जो मुझे लगता है, जब आप ऐसे टारगेट का पीछा कर रहे होते हैं, तो आपको बड़ी पार्टनरशिप बनाते रहना चाहिए और हमने वही किया। दूसरी तरफ गिल शानदार थे, पूरी इनिंग में अपनी बैटिंग पर बहुत कंट्रोल में थे और आखिर तक नॉट आउट रहना भी देखना शानदार था।"
पहली पारी में गर्मी में फील्डिंग करने के बाद बैटिंग के चैलेंज पर रोहित बोले, "हां, फिर से, यह कंसंट्रेशन पर निर्भर करता है। आपको खुद से कहते रहना होगा कि इसे बर्बाद मत करो, क्योंकि यहां कंडीशन चैलेंजिंग हैं, लेकिन मैं इतने सालों तक खेलने के अपने एक्सपीरियंस का इस्तेमाल करना चाहता था। आप इसे इतनी आसानी से नहीं छोड़ना चाहते, जितना हो सके गेम में बने रहने की कोशिश करें और हम जानते थे कि पिच अच्छी थी और हमें टॉप ऑर्डर से बड़े रन चाहिए थे और ठीक वैसा ही हुआ। टॉप पर हमारी बहुत अच्छी पार्टनरशिप हुई और इसने हमारे लिए गेम लगभग पक्का कर दिया। वहां 250 रन के आस-पास की पार्टनरशिप हुई। जैसा कि मैंने कहा, गिल को दूसरी तरफ देखना कमाल का था और हां, खुशी है कि हम शानदार तरीके से खत्म कर पाए।"
जडेजा भी उनसे सेंचुरी सेलिब्रेशन के बारे में पूछ रहे थे। इस पर रोहित ने कहा, "हां, वह मुझसे पूछ रहे थे कि वह क्या था। मैंने कहा कि मैं आपको ड्रेसिंग रूम में बताऊंगा। यह मेरे लिए है, लेकिन वह काफी इनोवेटिव थे। वह चाहते थे कि मैं आकर स्लाइड करूं और जंप करूं और वह चाहते थे कि मैं इसी तरह सेलिब्रेट करूं। मैंने कहा, यार, 50 ओवर की फील्डिंग और लगभग 25-30 ओवर की बैटिंग के बाद, मैं ऐसा कभी नहीं करने वाला था।"


