रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की चर्चा एक बार फिर हुई शुरू, क्या वर्ल्ड कप से पहले हिटमैन ने मान ली हार?
रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है। इस बार तो कारण भी बहुत वैलिड नजर आ रहा है। हो सकता है कि रोहित शर्मा न्यूजीलैंड दौरे पर भी ना जाएं और वर्ल्ड कप 2027 से पहले रिटायर हो जाएं।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की चर्चा एक बार फिर शुरू हो गई है। इस बार तो फैंस को वैलिड रीजन भी लग रहा है। 16 जुलाई को एक मीडिया रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें कहा जा रहा था कि 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा। हालांकि, बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने उन खबरों का खंडन किया था। रोहित ने उस मैच में शतक जड़कर अपने आलोचकों को भी जवाब दिया था, क्योंकि वे पहले ही कह चुके हैं कि वह वर्ल्ड कप 2027 में खेलना चाहते हैं, लेकिन अब फिर से उनके रिटायरमेंट की चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, रोहित शर्मा को लेकर सोनी नेटवर्क ने एक बड़ा ऐलान किया है। रोहित शर्मा ने खुद सोनी लिव और सोनी टीवी को टैग करते हुए एक पोस्ट डाली थी। सोनी नेटवर्क ने भी बाद में कहा कि यह सबसे बड़ा इंटरटेनमेंट डेब्यू होने जा रहा है। अब एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रोहित शर्मा 6 महीने लंबे एक शो को होस्ट करने वाले हैं, जिसका टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग हर शनिवार और रविवार होगी। स्पोर्ट्स यारी नाम के यूट्यूब चैनल पर इसका दावा किया गया है कि रोहित शर्मा इसी शो में बिजी रहेंगे और वे क्रिकेट पर फोकस नहीं कर पाएंगे।
वेस्टइंडीज सीरीज होगी रोहित की आखिरी सीरीज?
हालांकि, ये बात सामने आ रही है कि उनके लिए रिटायरमेंट सीरीज आयोजित की जा सकती है, जो संभवतः वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर सितंबर और अक्तूबर में आयोजित होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज हो सकती है। ये सीरीज पहले से ही घोषित है। इसके बाद वनडे सीरीज टीम इंडिया को न्यूजीलैंड में खेलनी हैं। अगर रोहित शर्मा ने वाकई में इस लंबे कार्यक्रम को लगातार होस्ट किया तो फिर उनके लिए क्रिकेट के लिए समय निकालना मुश्किल होगा और न्यूजीलैंड का दौरा भी अधर में रह जाएगा।
इतना ही नहीं, करीब 6 महीने तक क्रिकेट से दूर रहना और वह भी एक फॉर्मेट में खेलना, यह दर्शाता है कि वह वर्ल्ड कप 2027 के लिए हार मान चुके हैं। हालांकि, अभी तक सोनी नेटवर्क या फिर रोहित शर्मा की ओर से आधिकारिक तौर पर यह बात सामने नहीं आई है कि उनका एंटरटेनमेंट डेब्यू क्या वाकई में कोई शो या फिर किसी एपिसोड या फिर किसी एक या दो दिन प्रोग्राम को वे होस्ट करने वाले हैं। वर्ल्ड कप में अभी समय है, लेकिन जो रिपोर्ट्स हैं, उनसे लग रहा है कि रोहित शायद फिर वर्ल्ड कप नहीं खेल पाएंगे।



