
रोहित शर्मा बने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ब्रांड एंबेसडर, ICC ने पहली बार किया ये काम
ICC T20 World Cup 2026 Brand Ambassador: रोहित शर्मा को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीता था।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। रोहित को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। टूर्नामेंट का 10वां संस्करण भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने मंगलवार को टूर्नामेंट के कार्यक्रम का अनावरण करते हुए रोहित की नियुक्ति की घोषणा की। रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीता थी। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। वह भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं।
ICC ने पहली बार किया ये काम
आईसीसी ने पहली बार किसी एक्टिव प्लेयर (जिसने क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया) को टी20 वर्ल्ड कप का ब्रांड एंबेसडर बनाने का फैसला किया है। रोहित ने पिछले साल अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में आयोजित टूर्नामेंट का नौवां संस्करण जीतने के बाद T20I को अलविदा कह दिया था। भारत ने तब 11 साल के लंबे अंतराल के बाद आईसीसी ट्रॉफी जीती थी। रोहित ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 32.01 की औसत और 140.89 के स्ट्राइक रेट से 4231 रन बनाए।'हिटमैन' के नाम से मशहूर ने मई 2025 में टेस्ट से रिटायरमेंट लिया।
चेयरमैन जय शाह ने क्या कहा?
वहीं, जय शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''यह घोषणा करते हुए मुझे गर्व हो रहा है कि रोहित शर्मा भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के टूर्नामेंट एंबेसडर हैं। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान और अब तक सभी नौ संस्करण में खेलने वाले प्लेयर से बेहतर कोई इस इवेंट का रिप्रेजेंटेटिव नहीं हो सकता।'' आगामी टूर्नामेंट में दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद, चेन्नई, मुंबई, कोलंबो और कैंडी में 55 मैच होंगे। चिर प्रतिद्वंदी भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है। दोनों टीमें 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।






