रोहित शर्मा को लेकर उनके मेंटर ने की भविष्यवाणी, बोले- वह कुछ और साल…
रोहित शर्मा को लेकर उनके मेंटर लालचंद राजपूत ने भविष्यवाणी की है कि वह अभी कुछ और साल खेल सकते हैं। दरअसल, रोहित की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। वह 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं ये भी तय नहीं है।

वनडे क्रिकेट में भले ही रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई हो लेकिन उनके शुरुआती मेंटर (मार्गदर्शक) लालचंद राजपूत का मानना है कि भारत के पूर्व कप्तान 'कुछ और साल खेलने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। साथ ही वह रोहित के मौजूदा संघर्ष को दो दशक तक क्रिकेट के कारण शरीर को होने वाले स्वाभाविक 'नुकसान' का नतीजा मानते हैं। भारत की भविष्य की योजनाओं में रोहित की जगह को लेकर बहस तब और तेज हो गई जब ऐसी खबरें आईं कि मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने इस अनुभवी सलामी बल्लेबाज को बता दिया है कि वह 2027 एकदिवसीय विश्व कप की योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं।
हालांकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने इन अटकलों को जल्द ही खारिज कर दिया।
राजपूत ने पीटीआई से कहा, ''मैं अटकलों पर यकीन नहीं करता। जब तक कुछ असल में नहीं होता तब तक उस पर बात नहीं की जा सकती। मुझे अब भी लगता है कि वह कुछ और साल खेलने के लिए सक्षम हैं।''
राजपूत ने ही राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (अब बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में सबसे पहले युवा खिलाड़ी के तौर पर रोहित की प्रतिभा पहचानी थी।
राजपूत ने कहा, ''वह फिट हैं और उन्होंने अपनी फिटनेस पर कड़ी मेहनत की है। अगर आप उन्हें अभी देखें तो वह पहले से अधिक दुबले-पतले दिखते हैं। पिछले मैच में उन्होंने जिस तरह से बल्लेबाजी की उसमें उनकी पुरानी बल्लेबाजी की झलक दिखी। मुझे लगता है कि बस एक अच्छी पारी की जरूरत है।''
राजपूत 2007 आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के मैनेजर भी थे।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत को रोहित से आगे के बारे में सोचना चाहिए तो राजपूत ने इस बहस में पड़ने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा, ''यह एक काल्पनिक सवाल है। अभी कुछ भी पक्का नहीं है। रोहित पर ध्यान दीजिए क्योंकि वह अच्छी बल्लेबाज कर रहे हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर बहुत मेहनत की है और जबरदस्त वापसी की है।''
राजपूत ने कहा, ''जब समय आएगा तब हम भविष्य के बारे में बात कर सकते हैं। अपनी फिटनेस पर इतनी मेहनत करने के बाद उनका मन 2027 तक खेलने का ही होगा। हमें इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए।''
राजपूत का मानना है कि रोहित और विराट कोहली टीम के लिए बहुत जरूरी हैं क्योंकि वे सिर्फ रन ही नहीं बनाते बल्कि उनका अपना एक खास प्रभाव है।
उन्होंने कहा, ''इन दोनों खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है। वे टीम के दो दिग्गज खिलाड़ी हैं। विरोधी भी उनका सम्मान करते हैं और उनसे डरते भी हैं। जब रोहित और विराट एकादश में होते हैं तो टीम का आत्मविश्वास एक अलग ही स्तर पर होता है।''
राजपूत ने कहा, ''युवा खिलाड़ी उनसे बहुत कुछ सीख सकते हैं क्योंकि इतने वर्षों तक शीर्ष स्तर पर बने रहने के लिए सिर्फ हुनर ही नहीं, बल्कि जबरदस्त मानसिक मजबूती और शारीरिक फिटनेस की भी जरूरत होती है।''
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


