अब पीछे मुड़कर नहीं देखना, टीम इंडिया के लगातार वर्ल्ड कप जीतने पर रोहित शर्मा ने दिया बड़ा बयान
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने शनिवार को उम्मीद जताई कि भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें हाल के वर्षों में मिली बड़ी जीत की लय को आगे भी बनाए रखेंगी और देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करेंगी।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और वनडे टीम के मौजूदा ओपनर रोहित शर्मा ने उम्मीद जताई कि भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें हाल के वर्षों में मिली बड़ी जीत की लय को आगे भी बनाए रखेंगी। रोहित शर्मा को भरोसा है कि भारत की टीमें देश के लिए और उपलब्धियां हासिल करेंगी। भारत ने पिछले कुछ सालों में आईसीसी टूर्नामेंटों में लगातार सफलता हासिल की है। 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीता। इसके बाद 2025 की शुरुआत में भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला टीम ने पहली बार आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीता। इसी साल महिला अंडर-19 टीम ने भी आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप अपने नाम किया।
भारत की 2026 की शुरुआत भी शानदार रही। भारत ने रिकॉर्ड छठी बार आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता, जबकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में सीनियर टीम ने रिकॉर्ड तीसरी बार आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप अपने नाम किया। रोहित ने मुंबई में एक कार्यक्रम में कहा कि पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट टीमों की उपलब्धियां देखकर उन्हें बहुत गर्व होता है। उन्होंने कहा कि पुरुष टीम के साथ-साथ महिला टीम का विश्व कप जीतना भी शानदार पल था।
टी20 मुंबई लीग के मुख्य चेहरे रोहित शर्मा ने यहां पुरुषों के लिए चौथे और महिलाओं के लिए पहले चरण की घोषणा के दौरान कहा, ''पिछले कुछ वर्षों से हम जो कुछ भी देख रहे हैं, उसे देखकर मुझे बहुत खुशी और गर्व महसूस हो रहा है। शानदार प्रदर्शन करना और जो हमने हासिल किया है, उसे पाना, न सिर्फ पुरुष टीम ने, बल्कि महिला टीम ने भी (नवी) मुंबई में विश्व कप जीतकर जो कमाल किया, उसे देखना वाकई शानदार था।'' मुंबई के इस खिलाड़ी ने उम्मीद जताई कि भारत के खाते में अभी और भी वैश्विक खिताब आने बाकी हैं।
T20 WC जीतना असाधारण था- रोहित
रोहित ने कहा, ''हाल में पुरुष टीम ने जो किया, वह असाधारण था। मुझे उम्मीद है कि यह तो बस शुरुआत है। अब यहां से पीछे मुड़कर देखने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि एक बार जब आपको वह लय मिल जाती है तो यह जारी रहती है। हम अक्सर लय के बारे में बात करते हैं। अब पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों के पास वह लय मौजूद है। बस यही उम्मीद है कि हम इस लय को आगे भी बनाए रखें।''
भारत के पूर्व कप्तान ने उन लोगों की भी जमकर तारीफ की जो इस सफलता को मुमकिन बनाने के लिए पर्दे के पीछे रहकर काम करते हैं। उन्होंने कहा, ''सफलता का कोई राज नहीं होता। यह सब कड़ी मेहनत का नतीजा है। पुरुष और महिला, दोनों ही टीमों ने आज जो कुछ भी हासिल किया है, उसके लिए उन्होंने सचमुच बहुत कड़ी मेहनत की है। ''
रोहित ने कहा, ''बेशक, यह सिर्फ उन खिलाड़ियों के बारे में नहीं है जो मैदान पर प्रदर्शन करते हैं, बल्कि पर्दे के पीछे भी बहुत से लोग हैं जिन्होंने इस सफलता के लिए बहुत कड़ी मेहनत की है, ताकि टीम सफल हो सके। बहुत से लोगों और स्टाफ को धन्यवाद देना है।'' रोहित के अनुसार क्रिकेट में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ थोड़ी किस्मत भी जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि भारत में क्रिकेट में बहुत प्रतिस्पर्धा है इसलिए खिलाड़ियों को प्रतिभा के साथ सही समय पर सही मौके भी मिलने चाहिए। इस मौके पर उन्होंने टी20 मुंबई लीग की भी चर्चा की। इस बार लीग के पुरुष टूर्नामेंट के साथ तीन टीमों की महिला प्रतियोगिता भी होगी, जिससे यह टूर्नामेंट और बड़ा बन जाएगा।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट



