'रोहित शर्मा का असर शुभमन गिल पर पड़ता है', दूसरे वनडे से पहले भारतीय कोच ने कही बड़ी बात
भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को लखनऊ में दूसरा वनडे मैच खेला जाना है। लखनऊ वनडे से पहले भारतीय टीम के स्पिन बॉलिंग कोच ने रोहित शर्मा को लेकर बड़ी बात कही।

स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने मंगलवार को कहा कि रोहित शर्मा भारतीय वनडे टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं और इसका कारण सिर्फ बल्लेबाजी नहीं बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता और अनुभव भी है जिसका कप्तान शुभमन गिल पर अच्छा असर पड़ता है। पिछले साल रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से ही वनडे में रोहित का भविष्य और 2027 वर्ल्ड कप के लिए उनकी तैयारी चर्चा का विषय रही है। इस प्रारूप में रोहित का प्रदर्शन हाल के दिनों में अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अपनी पिछली चार वनडे पारियों में सिर्फ 77 रन बनाए हैं।
'रोहित शर्मा का असर सभी पर पड़ता है'
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे से पहले बहुतुले ने संवाददाताओं से कहा, ''रोहित शर्मा एक अनुभवी खिलाड़ी हैं, वह एक चैंपियन क्रिकेटर हैं। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपने अनुभव से टीम को फायदा पहुंचाते हैं - ना सिर्फ बल्लेबाजी के मामले में बल्कि उनकी नेतृत्वक्षमता का असर भी सभी खिलाड़ियों और शुभमन पर पड़ता है।'' बहुतुले ने कहा कि इतनी उपलब्धियों के बावजूद खेल के प्रति रोहित की समझ और लगातार बेहतर करने का जज्बा कम नहीं हुआ है।
'ऐसा लगता है अभी खेलना शुरू किया'
उन्होंने कहा, ''टीम में उनका होना निश्चित रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर मैच को समझते हैं और जानते हैं कि उनसे और टीम से क्या उम्मीद की जाती है।'' बहुतुले ने कहा, ''मुझे लगता है कि वह हर मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं, ऐसा लगता है जैसे उन्होंने अभी-अभी खेलना शुरू किया हो।'' अफगानिस्तान के खिलाफ पहले एकदिवसीय में जल्दी आउट होने वाले रोहित ने दूसरे मैच से एक दिन पहले यहां नेट्स में जमकर अभ्यास किया।
दूसरे वनडे में इन्हें मिल सकता है मौका
भारतीय टीम प्रबंधन अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संयोजनों को आजमाना चाहता है और इसलिए अफगानिस्तान के खिलाफ बुधवार को लखनऊ में होने वाले दूसरे मैच में कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को खेलने का मौका मिल सकता है। भारत ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित मैच में आसान जीत दर्ज करके तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है और दूसरे मैच में जीत हासिल करने पर उसे अजेय बढ़त मिल जाएगी। भारतीय टीम हालांकि इससे कहीं आगे की सोच रही है। भारत को विश्व कप पहले से पहले लगभग दो दर्जन मैच खेलने हैं और टीम प्रबंधन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह विभिन्न संयोजनों को आजमाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा सीरीज इस दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



