रोहित शर्मा के निशाने पर 2 दमदार कीर्तिमान, दूसरे वनडे में 12 और 10 हजारी बनने के लिए चाहिए इतने रन
रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में दो दमदार कीर्तिमान हासिल कर सकते हैं। सीरीज का अगला मैच बरसापारा में आयोजित होगा। रोहित पहले वनडे में अर्धशतक से 18 रन दूर रह गए थे।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच इन दिनों तीन मैचों की वनडे सीरीज चल रही है। भारत ने तिरुवनंतपुरम में आयोजित पहले मुकाबले में 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। दूसरा वनडे बुधवार (30 सितंबर) को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होगा। गुवाहाटी वनडे में दिग्गज सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के निशाने पर दो दमदार कीर्तिमान होंगे। वह एक ही मैच में 12 और 10 हजारी बन सकते हैं। रोहित ने तिरुवनंतपुरम में 35 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 32 रनों की पारी खेली थी।
रोहित शर्मा को कितने रन की दरकार?
'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा को वनडे क्रिकेट में 12 हजार रन कंप्लीट करने के लिए 73 रन चाहिए। उनके खाते में फिलहाल 289 वनडे में 11927 रन हैं। वह वनडे में 12 हजार रन का आंकड़ा छूने वाले कुल सातवें प्लेयर और तीसरे भारतीय होंगे। उनसे पहले भारत के लिए महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (18426) और विराट कोहली (15080) ने ऐसा किया। वहीं, रोहित को वनडे में बतौर ओपनर 10 हजार पूरे करने के लिए 103 रन की दरकार है। उन्होंने अब तक 200 वनडे पारियों में 9897 रन जुटाए हैं। वह वनडे में सलामी बल्लेबाज के रूप में 10 हजार प्लस रन बनाने वाले चौथे प्लेयर बनेंगे। उनसे आगे क्रिस गेल (10179), सनथ जयसूर्या (12740) और सचिन तेंदुलकर (15310) हैं।
रोहित कब से वनडे में कर रहे ओपनिंग?
रोहित ने जून 2007 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था, जो T20I था। उन्होंने उसी साल सितंबर में भारत के लिए पहला वनडे खेला। हालांकि, रोहित को काफी समय बाद ओपनिंग करना का मौका मिला। उन्होंने वनडे में पहली बार ओपनिंग जनवरी 2011 में साउथ अफ्रीका दौरे पर की थी। रोहित ने तीन मैचों में पारी की शुरुआत की मगर प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। वह उसके बाद टीम से अंदर-बाहर होते रहे। रोहित को फिर जनवरी 2013 में सलामी बल्लेबाज के तौर पर आजमाने का फैसला किया गया, जिसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेलनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे खेलेते हैं।
वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 200 पारियों के बाद सबसे ज्यादा रन
9897 - रोहित शर्मा (भारत)
9217 - सचिन तेंदुलकर (भारत)
7870 - सौरव गांगुली (भारत)
7669 - क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)
7564 - सईद अनवर (पाकिस्तान)
7454 - डेसमंड हेन्स (वेस्टइंडीज)
7147 - एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया)
7051 - वीरेंद्र सहवाग (भारत)
6871 - तमीम इकबाल (बांग्लादेश)
6727 - सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)



