
रोहित शर्मा को इमोशनल देखकर…वुमेंस वर्ल्ड कप जीतने वाली खिलाड़ी ने बताई उस रात की कहानी
रोहित शर्मा 2 नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। वर्ल्ड कप जब भारतीय टीम जीती तो वह इमोशनल हो गए थे। स्नेह राणा ने इस बारे में बात की है।
आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं स्नेह राणा ने भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। रोहित शर्मा 2 नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। वर्ल्ड कप जब भारतीय टीम जीती तो वह इमोशनल हो गए थे। इसको लेकर स्नेह राणा ने कहा है कि रोहित को इमोशनल देखकर हम भी भावुक हो गए थे। रोहित शर्मा मैच के काफी देर बात तक स्टेडियम में ही नजर आए थे।
स्नेह राणा ने फिल्मी ज्ञान को दिए इंटरव्यू में कहा, "रोहित शर्मा हमारे महिला विश्व कप का फाइनल देखने आए थे - वह काफी इमोशनल हो गए थे, उन्हें इस तरह देखकर हम भी बहुत भावुक हो गए थे।" रोहित शर्मा की कई तस्वीरें मैच के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिनमें साफ देखा जा सकता था कि रोहित कितने भावुक थे। वह जानते थे कि इस क्षण का मतलब भारतीय महिला टीम के लिए क्या है? इस बार उनकी आंखों में भावुकता थी, लेकिन खुशी भी थी, क्योंकि भारतीय महिला टीम पहली बार विश्व चैंपियन बनी थी।
जाहिर है कि रोहित शर्मा के लिए इस पल का गवाह बनना अच्छा रहा होगा, लेकिन उनके जेहन में वह खराब यादें भी ताजा हो गई होंगी, जो 19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2023 फाइनल हारने के बाद मिली थीं। उस समय हर एक भारतीय क्रिकेटर और हर एक भारतीय फैन निराश था। हर किसी की आंखों में आंसू थे। उस दिन अगर भारतीय टीम खिताब जीत जाती तो निश्चित तौर पर वह रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का सबसे बड़ा पल होता था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और ऑस्ट्रेलिया ने खिताब अपने नाम कर लिया था।






