
रोहित शर्मा ने टीम बनाई, चैंपियन बनाया और...पूर्व चयनकर्ता ने कप्तानी छीनने पर उठाया सवाल
पूर्व क्रिकेटर और पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता सबा करीम ने रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि जब आप ये मानकर चल रहे हैं कि शर्मा 2027 के वर्ल्ड कप तक नहीं खेल पाएंगे तब उन्हें टीम में भी क्यों रखा। करीम ने कहा कि रोहित ने टीम बनाई और उसे चैंपियन बनाया।
पूर्व क्रिकेटर और पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता सबा करीम ने रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने की तीखी आलोचना की है। वो भी तब जब उन्होंने कुछ महीने पहले ही टीम को चैंपियंस ट्रॉफी का सरताज बनाया। अजीत अगरकर की अगुआई वाली राष्ट्रीय चयन समिति के फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर रोहित शर्मा कप्तान नहीं हैं तो फिर टीम में क्यों हैं।
उन्होंने चयन समिति पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘टीम में आप क्यों रख रहे हैं? अगर वो कैप्टन नहीं हैं तो फिर एक बात साफ है ना कि आप उनका फ्यूचर देख नहीं रहे कि वो 2027 के वर्ल्ड कप में रहेंगे, तो फिर आप ऐसे खिलाड़ी को टीम में नहीं रखिए जो आपको लगता है कि 2027 में आपके हिसाब से मौजूद नहीं रहेंगे।’
क्रिकेटप्रेमियों को 19 अक्टूबर से शुरू हो रहे भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे का बेसब्री से इंतजार है। वजह ये कि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद पहली बार रोहित शर्मा और विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हुए दिखेंगे। दोनों को टीम में रखा गया है लेकिन शर्मा से कप्तानी छीन ली गई।
इसे लेकर सबा करीम ने कहा कि रोहित शर्मा ने टीम को तैयार किया। उसे चैंपियन बनाया और वह अब सिर्फ एक फॉर्मेट पर फोकस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने टीम को बिल्ड किया है, उन्होंने आपको चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 (वर्ल्ड कप) जिताया है।’
रोहित शर्मा अभी 38 वर्ष के हैं। 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र तकरीबन 40 वर्ष हो जाएंगे। वह वनडे में भारत के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने ODI में 75 प्रतिशत मैच जीते हैं। भारत के लिए 50 या उससे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी करने वालों में ये सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत है।
रोहित की कप्तानी की सबसे खास बात ये थी कि वह खुद आगे बढ़कर टीम का नेतृत्व करते थे। 2023 के वनडे वर्ल्ड कप, 2024 के टी20 वर्ल्ड कप और इस साल चैंपियंस ट्रॉफी में उन्होंने इसका शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया की डिक्शनरी से दबाव शब्द को तकरीबन बाहर ही कर दिया था।






