
कहीं कोहली को पीछे छोड़ा तो कहीं गांगुली को, रोहित शर्मा ने बना डाले कई रिकॉर्ड
संक्षेप: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में 73 रन की शानदार पारी से रोहित शर्मा ने कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने कहीं किसी मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ा तो कहीं सौरव गांगुली को। वह ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ 1000 वनडे रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में सस्ते में आउट हुए रोहित शर्मा ने दूसरे वनडे में शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने अपने अंदाज से उलट शुरुआत में टिककर, बहुत ही संभलते हुए धीमी पारी खेली। लेकिन एक बार जब उनकी आंखें जम गईं तब उन्होंने कई खूबसूरत शॉट भी लगाए। 97 गेंदों में 73 रन की उनकी पारी की बदौलत भारत ने 264 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। रोहित शर्मा टीम इंडिया के लिए टॉप स्कोरर रहे। उनके लिए यह पारी बहुत जरूरी थी और उन्होंने इसके जरिए कई रिकॉर्ड बनाए तोड़े। कहीं विराट कोहली को पीछे छोड़ा तो कहीं सौरव गांगुली को।

यहां विराट कोहली को छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने विराट कोहली को पछाड़कर ये उपलब्धि हासिल की। इस मामले में रोहित शर्मा से आगे सिर्फ महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। इस तरह टॉप 3 में भारत के ही तीन बल्लेबाज हैं। सचिन तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 71 मैच में 3077 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा के नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 48 मैच में 2488 रन हैं और विराट कोहली के नाम 52 मैच में 2451 रन है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसा करने वाले पहले भारतीय
रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में 1000 वनडे रन पूरे कर लिए। ऐसा करने वाले वह भारत के पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 21 वनडे मैच में 1071 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 171 रन रहा है। ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली (802) और तीसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर (740 रन) हैं।
यहां सौरव गांगुली को छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा अब वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सौरव गांगुली को तीसरे से चौथे नंबर पर पहुंचा दिया है। 452 मैचों में 18426 रन के साथ सचिन तेंदुलकर लिस्ट में टॉप पर हैं। 292 मैच में 14181 रन के साथ विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। अब रोहित शर्मा के 267 वनडे मैचों में 11249 मैच हो चुके हैं और वह तीसरे नंबर पर हैं। चौथे नंबर सौरव गांगुली हैं जिन्होंने 297 वनडे मैचों में 11221 रन बनाए हैं। राहुल द्रविड़ पांचवें और महेंद्र सिंह धोनी छठे नंबर पर हैं।
SENA देशों में 150 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज
रोहित शर्मा ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी 73 रन की पारी के दौरान 2 छक्के लगाए। इसके साथ ही उनका SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 150 छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। वह SENA देशों में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले विजिटिंग बैटर हैं।






