
End of an Era: रोहित शर्मा से छिनी कप्तानी तो उनका 13 साल पुराना ट्वीट वायरल, गिल से है कनेक्शन
संक्षेप: रोहित शर्मा से वनडे टीम की कप्तानी छीन ली गई है। शुभमन गिल अब वनडे टीम के कप्तान हैं। इसके बाद रोहित शर्मा का 13 साल पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसका शुभमन गिल से कुछ ही कनेक्शन है।
शनिवार 4 अक्टूबर की दोपहर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई वाली समिति ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम चुनी। हर कोई यह देखकर हैरान था कि वनडे टीम में रोहित शर्मा तो हैं, लेकिन वे कप्तान नहीं हैं, क्योंकि वनडे टीम की कप्तानी अब से शुभमन गिल करेंगे। कप्तानी छिनने के बीच रोहित शर्मा का एक 13 साल पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसका कनेक्शन शुभमन गिल से है।

दरअसल, रोहित शर्मा लंबे समय तक भारतीय टीम के कप्तान रहे और वे करीब 18 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं। हालांकि, कप्तानी जाने के एक दिन बाद रोहित शर्मा का 2012 का एक ट्वीट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा था, "End of an era (45) and the start of a new one (77)" इस ट्वीट के मतलब ये था कि वे अपनी जर्सी नंबर 45 को अलविदा कह रहे हैं और 77 नंबर की जर्सी आगे से पहनेंगे। हैरानी की बात ये है कि शुभमन गिल का जर्सी नंबर अब 77 है, जबकि कुछ समय के बाद ही रोहित शर्मा ने फिर से 45 नंबर की जर्सी पहनना शुरू कर दिया था।

रोहित शर्मा ने आखिरी मैच बतौर कप्तान चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल खेला था, जिसमें उन्होंने टीम को खिताब दिलाया। हालांकि, अब अगले मैच में वे कप्तान नहीं होंगे। 6 महीने से ज्यादा समय से रोहित शर्मा ने कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। इस बीच सिलेक्टर्स चाहते हैं कि वर्ल्ड कप 2027 से पहले नए कप्तान को ज्यादा से ज्यादा मैच टीम बनाने के लिए मिलें। रोहित शर्मा और विराट कोहली टीम में हैं। अजीत अगरकर ने ये भी कहा कि इन दोनों ने अभी तक ये नहीं बताया है कि वे वर्ल्ड कप 2027 में खेलना चाहते हैं या नहीं।






