रियान पराग ने संजू सैमसन को लेकर कहा- मैं उनके बारे में ऐसा सोचना भी नहीं चाहता, क्योंकि…
रियान पराग ने संजू सैमसन के राजस्थान रॉयल्स को छोड़ने के बाद कहा है कि संजू भाई ने मेरे करियर में बहुत बड़ा रोल निभाया है, मैं उनके जाने के बारे में सोचना भी नहीं चाहता क्योंकि अगर मैं ऐसा करूंगा तो मुझे बुरा लगेगा।
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन आईपीएल 2025 तक राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले थे, लेकिन अब आईपीएल के अगले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे। काफी समय तक संजू सैमसन और रियान पराग राजस्थान रॉयल्स के लिए साथ में खेले हैं। दोनों एकदूसरे की कप्तानी में भी खेले हैं। हालांकि, अब दोनों की राहें अलग हो चुकी हैं, जिसको लेकर राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज रियान पराग ने कहा है कि सैमसन को लेकर उनको बुरा लग रहा है। पराग ने बताया है कि दोनों एक जैसे बैकग्राउंड से आते हैं। दोनों साथ में खेले हैं, जहां संजू भाई ने उनको बहुत प्यार दिया है।
रियान पराग ने ईएसपीएन क्रिकइंफो पर कहा, “संजू भाई ने मेरे करियर में बहुत बड़ा रोल निभाया है। मैं उनके टीम से जाने के बारे में सोचना भी नहीं चाहता, क्योंकि अगर मैं ऐसा सोचूंगा तो मुझे बुरा लगेगा - मैं उनके बहुत करीब था और जब मैं पहली बार टीम में आया था तो उन्होंने मुझे कभी ऐसा महसूस नहीं कराया कि मैं असम का सिर्फ 17-18 साल का बच्चा हूं। शायद ऐसा इसलिए भी था, क्योंकि उनका बैकग्राउंड भी कुछ ऐसा ही था और वह भी 16-18 साल की उम्र में केरल से एक युवा खिलाड़ी के तौर पर आए थे, एक ऐसी जगह जहां से ज़्यादा क्रिकेटर नहीं निकलते - उन्होंने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और बहुत प्यार दिया है।”
बता दें कि आईपीएल 2025 में जब संजू सैमसन पूरी तरह फिट नहीं थे तो रियान पराग ने कप्तानी की थी। कुछ मैचों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर संजू सैमसन खेले थे। उन मैचों में भी कप्तान रियान पराग थे। ऐसे में संजू ने पराग की कप्तानी में खेला है, जबकि संजू खुद लंबे समय तक टीम के कप्तान रहे हैं, जहां रियान पराग का खूब समर्थन कप्तान संजू सैमसन और टीम मैनेजमेंट ने किया था। अब चेन्नई सुपर किंग्स ने उनको ट्रैड कर लिया है। सैमसन आगामी सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। सैमसन को 18 करोड़ रुपये में सीएसके ने अपने साथ जोड़ा है, जबकि रविंद्र जडेजा और सैम करन को आरआर को सौंप दिया है।






