ऋषभ पंत से छिनेगी टेस्ट टीम की उपकप्तानी, आखिर BCCI क्यों लेने जा रहा ये कड़ा फैसला?

नई दिल्ली, पीटीआई
Follow us on Google News
share

विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत से भारतीय टेस्ट टीम की उपकप्तानी छिनने की संभावना है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) बल्लेबाजी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पंत से यह जिम्मेदारी वापस ले सकता है।

ऋषभ पंत से छिनेगी टेस्ट टीम की उपकप्तानी, आखिर BCCI क्यों लेने जा रहा ये कड़ा फैसला?
भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत

राष्ट्रीय चयनकर्ता जब अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टेस्ट और वनडे टीम चुनने के लिए मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक करेंगे तो भारतीय टीम में हैरान करने वाले नाम नहीं होंगे लेकिन लाल गेंद के प्रारूप में उपकप्तान के तौर पर ऋषभ पंत के भविष्य पर गंभीर चर्चा हो सकती है। ऐसा समझा जाता है कि यह भावना बढ़ रही है कि 28 साल के इस तेजतर्रार विकेटकीपर बल्लेबाज को नेतृत्वकर्ता की भूमिका रास नहीं आ रही है। आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के साथ दो सत्र से ऐसे ही संकेत मिलते हैं।

'चयन समिति के दिमाग में सबसे ऊपर ये बात होगी'

यह भी नहीं भूलना चाहिए कि पिछले नवंबर में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान शुभमन गिल की गैर मौजूदगी में जब पंत को कप्तानी सौंपी गई थी तो वह रणनीतिक तौर पर बहुत चतुर नहीं थे। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ''भारतीय क्रिकेट ऋषभ जैसे बल्ले से मैच विजेता को खोने का जोखिम नहीं उठा सकता। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टेस्ट मैच जिताए हैं। जो लोग मायने रखते हैं उनमें यह भावना बढ़ रही है कि जब भी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई तो उन्होंने बल्लेबाजी करते समय अच्छे फैसले नहीं लिए।'' उन्होंने कहा, ''उसे खुलकर खेलने का मौका देना चयन समिति के दिमाग में सबसे ऊपर हो सकता है।''

वनडे क्रिकेट में भी ऋषभ पंत पर सवालिया निशान

पंत का मौजूदा फॉर्म चयन समिति की रातों की नींद उड़ा सकता है क्योंकि वनडे प्रारूप में केएल राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के रूप में उनकी जगह पर सवालिया निशान बना हुआ है। ध्रुव जुरेल, संजू सैमसन और इशान किशन की मौजूदगी में पंत को 50 ओवर के प्रारूप के लिए दबाव महसूस हो सकता है। अगर बीसीसीआई की मेडिकल टीम को जसप्रीत बुमराह के काम के बोझ से कोई दिक्कत नहीं है तो यह सीनियर तेज गेंदबाज एकमात्र टेस्ट खेलेगा लेकिन मौजूदा आईपीएल के दौरान उनके काम के बोझ को देखते हुए तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में उनके खेलने की कोई संभावना नहीं है। सूत्र ने कहा, ''अगर उनके काम के बोझ को लेकर थोड़ी सी भी दिक्कत होती है तो उन्हें पूरी सीरीज के लिए आराम दिया जाएगा।'' मौजूदा आईपीएल सत्र में भारतीय तेज गेंदबाजों के बीच प्रभावी प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को श्रीलंका में त्रिकोणीय लिस्ट ए सीरीज के लिए नहीं चुना गया है क्योंकि वह अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुने जाने के मजबूत दावेदार हैं।

सूर्यकुमार यादव के भविष्य के पर होगी बातचीत

हालांकि, भारत अफगानिस्तान के खिलाफ कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेल रहा है लेकिन चयन समिति के सचिव देवजीत सैकिया के साथ सूर्यकुमार यादव के भविष्य के बारे में अनौपचारिक बातचीत करेगी क्योंकि पिछले डेढ़ साल से उनका फॉर्म खराब चल रहा है। माना जा रहा है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के इनपुट सूर्यकुमार का राष्ट्रीय कप्तान के तौर पर भविष्य तय करने में बहुत काम आएंगे। अगर उन्हें कप्तानी से हटा दिया जाता है तो उनके लिए बल्लेबाज के तौर पर टीम में अपनी जगह बनाए रखना मुश्किल होगा। सबसे सुरक्षित विकल्प यह है कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ अगुआई करने का मौका दिया जाए और उस सीरीज में बल्ले से उनके प्रदर्शन को देखते हुए उनके भविष्य पर फैसला किया जाए। लेकिन अब इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि चयनकर्ता उस रास्ते पर चलेंगे।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।