वनडे टीम से बाहर होने पर ऋषभ पंत बोले- अगर आप विराट कोहली नहीं हैं तो…
ऋषभ पंत ने विराट कोहली का जिक्र करते हुए कहा है कि अगर आप एक एथलीट हैं तो आपके करियर का ग्राफ ऊपर-नीचे होगा। सिर्फ विराट के साथ ऐसा नहीं है, जो कि असाधारण हैं।

ऋषभ पंत गुरुवार एक अक्टूबर से ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। वे भारत की सिर्फ टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। वनडे और टी20 क्रिकेट में रेगुलर रहे हैं, लेकिन चोट और फॉर्म की वजह से उनका अंदर-बाहर होना लगा रहा है। हालांकि, काफी समय से वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में अपनी जगह नहीं बना पा रहे हैं। इस पर पंत का कहना है कि एक एथलीट के करियर में उतार-चढ़ाव होते हैं, जब तक कि आप विराट कोहली न हों। पंत ने यह भी माना है कि यह सेटबैक है तो कमबैक भी होगा।
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने बिजनेस ऑफ स्पोर्ट पॉडकास्ट में खुद के वनडे टीम से बाहर होने पर कहा, "जाहिर है, आपको बुरा लगता है, लेकिन एक एथलीट के तौर पर आपको यह समझना होगा कि जब भी कोई रुकावट आती है, तो हमेशा वापसी होती है।" उन्होंने आगे विराट कोहली की तारीफ करते हुए उनका उदाहरण दिया, "एक एथलीट के तौर पर, आपका करियर ग्राफ हमेशा ऊपर-नीचे होता रहता है, जब तक कि आप विराट कोहली न हों - वह बहुत असाधारण रहे हैं।"
ऋषभ पंत से छिन गई थी टेस्ट वाइस कैप्टेंसी
आपको बता दें, कुछ समय पहले तक ऋषभ पंत टेस्ट टीम के वाइस कैप्टन भी थे, लेकिन उनसे वह जिम्मेदारी भी छीन ली गई थी। हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में यह बल्लेबाज भारत के बाकी विकेटकीपर बल्लेबाजों से अलग नजर आता है। अकेले दम पर मैच पलटने का काम वह करते हैं। हमेशा आक्रामक क्रिकेट वह टेस्ट क्रिकेट में खेलते हैं, जिसमें कई बार असफल भी होते हैं और उसके लिए उनको आलोचना भी झेलनी पड़ती है, लेकिन मैनेजमेंट से उन्हें सपोर्ट भी मिलता है। वे न्यूजीलैंड दौरे की तैयारी ईरानी कप से शुरू कर रहे हैं।
ऋषभ पंत की निगाहें अभी के लिए टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह बरकरार रखने, टेस्ट वाइस कैप्टेंसी वापसी लेने और रन बनाने पर होंगी। इसके बाद उनका फोकस होगा कि आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के जरिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में भी वापसी की जाए। हालांकि, मौजूदा समय में तो ऐसा लगता है कि वर्ल्ड कप 2027 के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम से वे कोसों दूर हैं। वहीं, टी20 क्रिकेट टीम के आसपास भी नजर नहीं आते हैं। उनके अगर सीमित ओवरों की क्रिकेट में वापसी करनी है तो बहुत बढ़िया आईपीएल उनके लिए गुजरना चाहिए और फिर डोमेस्टिक क्रिकेट में भी उन्हें अद्भुत करिश्मे करते रहने चाहिए, तभी वे टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दे सकते हैं।



