ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया ए टीम से हुए बाहर, BCCI ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान
Kumar Kushagra Replaces Rishabh Pant: चोटिल ऋषभ पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह इंडिया ए टीम में कुमार कुशाग्र को शामिल किया गया है।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन अनौपचारिक टेस्ट मैचों के लिए इंडिया ए स्क्वॉड में एक बदलाव किया है। स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होने के कारण इंडिया ए टीम से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने सोमवार को पंत की जगह 21 वर्षीय विकेटकीपर कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया है। कुशाग्र को फिलहाल दो मैचों के लिए चुना गया है। पंत तीसरे मैच में खेलेंगे या नहीं, इसपर फैसला बाद में होगा। बीसीसीआई ने जब कुछ दिन पहले ए स्क्वॉड की घोषणा की थी तो बताया गया कि पंत का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। 29 वर्षीय पंत पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।
विकेटकीपर ऋषभ पंत कब चोटिल हुए?
बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ''ऋषभ पंत की इंडिया ए के न्यूजीलैंड दौरे के लिए उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर थी। वह शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज पंत को ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करते समय लेफ्ट साइड में खिंचाव आ गया था। वह अभी भी बीसीसीआई मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और अच्छी तरह से उबर रहे हैं। तीसरे मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा।'' पंत की चोट शुरुआती अनुमान से अधिक गंभीर लग रही है। रेस्ट ऑफ इंडिया ने इस महीने की शुरुआत में जम्म-कश्मीर को हराकर ईरानी कप अपने नाम किया था। पंत दोनों पारियों में फ्लॉप रहे थे। उनके बल्ले से 10 और 8 निकले।
इंडिया ए टीम कब उतरेगी मैदान पर?
इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच पहला चार दिवसीय मुकाबला 24 से 28 अक्टूबर तक लिंकन में खेला जाएगा। दूसरा मैच 31 अक्टूबर से तीन नवंबर तक क्राइस्टचर्च में और तीसरा मुकाबला सात से 10 नवंबर तक फिर लिंकन में होगा। इंडिया ए की कप्तानी ध्रुव जुरेल करेंगे। वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। सीनियर टीम के उपकप्तान केएल राहुल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और मध्यक्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल समेत 10 टेस्ट खिलाड़ी इंडिया ए स्क्वॉड में हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि राहुल, जायसवाल और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी तीनों अनौपचारिक टेस्ट में से कितने मैच खेलेंगे। ये खिलाड़ी भारतीय वनडे टीम का भी हिस्सा हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के मैच चार, सात और 10 नवंबर को होनी है। ऐसे में उनके लिए इंडिया ए के सभी मुकाबलों में खेलना संभव नहीं होगा।
इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वॉड: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल [कप्तान, विकेटकीपर], वॉशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र [विकेटकीपर] (पहला और दूसरा मैच)।


