
ऋषभ पंत या ईशान किशन: न्यूजीलैंड सीरीज में किसे मिलना चाहिए मौका? आकाश चोपड़ा ने इस प्लेयर का किया समर्थन!
सबसे बड़ा सवाल दूसरे विकेटकीपर को लेकर है, जिसके लिए सोशल मीडिया और क्रिकेट पंडितों के बीच ऋषभ पंत, ईशान किशन और ध्रुव जुरेल के नामों पर बहस छिड़ी हुई है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपना रुख साफ करते हुए ऋषभ पंत का पुरजोर समर्थन किया है।
11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे (ODI) सीरीज के लिए टीम इंडिया के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सबसे बड़ा सवाल दूसरे विकेटकीपर को लेकर है, जिसके लिए सोशल मीडिया और क्रिकेट पंडितों के बीच ऋषभ पंत, ईशान किशन और ध्रुव जुरेल के नामों पर बहस छिड़ी हुई है। इस बीच पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपना रुख साफ करते हुए ऋषभ पंत का पुरजोर समर्थन किया है।
"बिना खिलाए क्यों करोगे ड्रॉप?"
आकाश चोपड़ा का मानना है कि ऋषभ पंत को टीम से बाहर करने का कोई ठोस कारण नहीं है। उन्होंने पंत की प्रतिबद्धता और पिछले रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा, "ऋषभ पंत की गलती क्या है? वह चैंपियंस ट्रॉफी में भी टीम का हिस्सा थे, फिर इंजर्ड होते हैं, टूटे पैर से खेलते हैं, फिर टीम का हिस्सा बनते हैं। खेलने का मौका नहीं मिलता तो आप क्यों करोगे ड्रॉप? बिना खिलाए क्यों करोगे ड्रॉप?" चोपड़ा ने स्पष्ट किया कि एक बैकअप विकेटकीपर चुनना कोई विकल्प नहीं बल्कि टीम की 'मजबूरी' है और इस भूमिका के लिए पंत सबसे उपयुक्त हैं।
ईशान किशन और ध्रुव जुरेल पर राय
ईशान किशन या ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल करने की अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए आकाश ने कहा कि पंत की जगह किसी और को लाने का तर्क उन्हें समझ नहीं आता। उन्होंने अपने वीडियो में कहा, "इनको (पंत को) हटाकर आप ईशान को रख दो या फिर आप ध्रुव जुरेल को रख लेते हैं, उसका लॉजिक मेरी समझ के थोड़ा सा परे रहेगा।"
केएल राहुल रहेंगे मुख्य विकेटकीपर
आकाश चोपड़ा द्वारा चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में केएल राहुल को मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर रखा गया है, जो नंबर 5 पर बल्लेबाजी करेंगे और शायद उप-कप्तान की भूमिका भी निभाएंगे। पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
आकाश चोपड़ा की संभावित 15 सदस्यीय टीम:
चोपड़ा ने निरंतरता पर जोर देते हुए अपनी टीम चुनी है, जिसमें श्रेयस अय्यर के फिट न होने के कारण ऋतुराज गायकवाड़ को नंबर 4 पर जगह दी गई है। आकाश चोपड़ा ने चयनकर्ताओं से मोहम्मद सिराज को वापस लाने की भी अपील की है, क्योंकि उनका मानना है कि सिराज को केवल पुरानी गेंद के प्रदर्शन के आधार पर बाहर रखना सही नहीं है। उनका मानना है कि टीम में ओस यानी ड्यू के प्रभाव को देखते हुए स्पिनरों की तुलना में तेज गेंदबाजों का बैकअप होना ज्यादा जरूरी है।
उनकी टीम इस प्रकार है: 1. शुभमन गिल (कप्तान) 2. रोहित शर्मा 3. विराट कोहली 4. ऋतुराज गायकवाड़ 5. केएल राहुल (विकेटकीपर) 6. तिलक वर्मा 7. वाशिंगटन सुंदर 8. अक्षर पटेल (या रवींद्र जडेजा) 9. हर्षित राणा 10. मोहम्मद सिराज 11. अर्शदीप सिंह 12. कुलदीप यादव 13. प्रसिद्ध कृष्णा 14. ऋषभ पंत (दूसरे विकेटकीपर) 15. यशस्वी जायसवाल।






