ऋषभ पंत में ‘कॉमन सेंस’ की कमी? क्यों भड़के मोहम्मद कैफ; जमकर लगाई क्लास
मोहम्मद कैफ ने IND vs SL पहले टेस्ट के बीच ऋषभ पंत की कॉमन सेंस पर सवाल उठाए हैं और उनकी जमकर क्लास लगाई है। ऋषभ पंत नई गेंद के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल कर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में आउट हुए।

पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा एक्सपर्ट मोहम्मद कैफ ने ऋषभ पंत की कॉमन सेंस पर सवाल उठाए हैं और उन्हें जमकर लताड़ा है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में जारी पहले टेस्ट के दौरान ऋषभ पंत खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। अभी तक बैटिंग फ्रेंडली दिख रही पिच पर वह 4 चौकों और 1 छक्के की मदद से 39 ही रन बना पाए। कैफ को ऋषभ पंत के खराब शॉट खेलने से नराजगी नहीं है, उनका कहना है कि पंत इसी तरह से बल्लेबाजी करते हैं, मगर वह नाराज इस बात से हैं कि पंत ने गलत समय पर ऐसा शॉट खेला। उन्होंने इस दौरान बिल्कुल कॉमन सेंस नहीं दिखाया। आइए समझते हैं पूरा माजरा।
236 के स्कोर पर शुभमन गिल के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल का साथ देने ऋषभ पंत आए थे। पंत शानदार बैटिंग कर रहे थे, मजबूत डिफेंस के साथ उनके आक्रामक शॉट्स का कॉम्बिनेशन श्रीलंकाई गेंदबाजों को खूब परेशान कर रहा था। मगर जैसे ही नई गेंद आई गेम पलट गया।
ऋषभ पंत ने गलत समय पर खेला गलत शॉट
गेंद पुरानी होती है तो बल्लेबाज खेल चलाता है, मगर नई गेंद जब हाथों में होती है तो गेंदबाज हावी रहता है। 80 ओवर के बाद जब श्रीलंका ने दूसरी नई गेंद ली तो ऋषभ वहां भी उन्हें डोमिनेट करना चाहते थे। ऐसे में पहली तीन गेंदों पर उन्होंने आगे बढ़कर शॉट खेलने का प्रयास किया।
चौथी बार जब पंत ऐसा करने गए तो वह जाल में फंस गए। पंत ने गेंद को हवा में खड़ा कर दिया और लॉन्ग ऑफ की दिशा में कैच आउट हो गए। कैफ इस बात से गुस्सा है कि पंत ने नई गेंद के खिलाफ ऐसा किया। अगर वह कुछ बॉल डिफेंड कर लेते और यह जान लेते कि गेंद कैसी हरकतें कर रही है तो ज्यादा बेहतर होता।
ऋषभ पंत की कॉमन सेंस पर सवाल
कैफ ने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा, "ऋषभ पंत जिस तरह से आउट हुए, उससे मुझे कोई शिकायत नहीं है। वह ऐसे ही खेलते हैं, लेकिन शिकायत कॉमन सेंस की है। यह नई बॉल के साथ पहला ओवर था। उन्होंने उस ओवर में तीन बार जंप किया। कॉमन सेंस का मतलब है कट शॉट खेलना। पांच से छह ओवर तक नई बॉल को देखना। यह टेस्ट मैच का ट्रेडिशन है। जो भी उनकी तरह खेलता है, वह कॉमन सेंस का भी इस्तेमाल करता है।
मुझे हैरानी हुई कि वह (ओवर की) पहली बॉल पर जंप कर गए। थोड़ा कैलकुलेट करना पड़ता है। अगर कोई बैटर 150 पर भी हो, तो नई बॉल आने पर वह कुछ बॉल खेलता भी है। मैं वहां कुछ मार्क्स काट रहा हूं। वह लॉजिक और क्रिकेटिंग सेंस में बहुत पीछे रह गए।"



