ऋषभ पंत ने कुछ गलत नहीं किया, इसके हकदार थे; आकिब नबी को क्यों नहीं चुना गया? पूर्व क्रिकेटर ने जताई हैरानी
ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी छिन गई है। आकिब नबी को भारतीय स्क्वॉड नहीं चुना गया। भारत को घरेलू मैदान पर 6 जून से अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट खेलना है।

भारत को जून में अफगानिस्तान से एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज में भिड़ना है। बीसीसीआई ने हाल ही में भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की। विकेटकीपर ऋषभ पंत से टेस्ट टीम की उपकप्तानी छीन ली गई, जिससे पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ हैरान हैं। उनकी जगह केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। कैफ को लगता है कि पंत को आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा है। वह ना ही बतौर बल्लेबाज छाप छोड़ सके और ना ही कप्तान के रूप में। पंत की अगुवाई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) प्लेऑफ से बाहर चुकी है। कैफ ने साथ ही तेज गेंदबाज आकिब नबी को नहीं चुने जाने पर भी सवाल खड़ा किया। पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना का भी मानना है कि आकिब को मौका मिलना चाहिए था। जम्मू-कश्मीर के आकिब ने 2025-26 के रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को ऐतिहासिक खिताब दिलाया। उन्होंने सीजन में सर्वाधिक 60 विकेट चटकाए थे।
'ऋषभ पंत ने कुछ गलत नहीं किया, इसके हकदार थे'
कैफ ने जियो हॉटस्टार पर कहा, ''ऋषभ पंत ने कुछ गलत नहीं किया है। रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल क्रिकेट दो बहुत अलग फॉर्मेट हैं। आप उन्हें आईपीएल के आधार पर जज कर रहे हैं। कह जा रहा कि वह कप्तान के तौर पर अच्छा काम नहीं कर रहे, उनकी टीम हार रही है और वह रन नहीं बना रहे हैं। लेकिन मेरा मानना है कि टेस्ट में बतौर बल्लेबाज भारत के लिए ऋषभ पंत से बड़ा कोई मैच-विनर नहीं है। दिक्कत यह है कि लोग फॉर्मेट को मिक्स कर देते हैं। आकिब नबी को क्यों नहीं चुना गया? क्योंकि उन्होंने आईपीएल में विकेट नहीं लिए? ये दो बिल्कुल अलग फॉर्मेट हैं। केएल राहुल 34 साल के हैं। एक तरफ आप मोहम्मद शमी को यह कहकर नहीं चुनते कि उम्र उनके साथ नहीं है और आप युवा खिलाड़ियों की ओर देख रहे हैं। मैं चाहूंगा कि वे कंसिस्टेंट रहें। उम्र की परवाह किए बिना फॉर्म के हिसाब से देखा जाना चाहिए। अगर कोई रन बना रहे है या विकेट ले रहे है तो उसे चुना जाना चाहिए। मुझे लगता है कि ऋषभ पंत उपकप्तान बने रहने के हकदार था।''
'शुभमन गिल ने इस बारे में अपने इनपुट दिए होंगे'
वहीं, जियोस्टार एक्सपर्ट सुरेश रैना ने टेस्ट टीम के नए बॉलिंग अटैक पर अपने विचार रखे। धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ आराम दिया गया है। तेज गेंदबाज गुरनूर बरार के अलावा स्पिनर हर्ष दुबे और मानव सुतार को मौका मिला है। रैना ने कहा, ''आकिब नबी को मौका मिलना चाहिए था। उनका जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम रोल था। हालांकि, मुझे लगता है कि प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज अच्छी लाइन और लेंथ के साथ अच्छी बॉलिंग कर रहे हैं। पंजाब के 6.5 फीट लंबे पेसर गुरनूर भी हैं। उन्होंने 18 फर्स्ट क्लास मैचों में 52 विकेट लिए हैं। मुझे यकीन है कि कप्तान शुभमन गिल ने इस बारे में अपने इनपुट दिए होंगे कि उन्हें किस तरह के बॉलर चाहिए। गुरनूर अपनी हाइट और बॉडी की वजह से एक अलग हैं। मानव सुतार और हर्ष दुबे जैसे प्लेयर्स को भी चुना गया है। मुझे लगता है कि प्रज्ञान ओझा और आरपी सिंह सिलेक्शन कमिटी में अच्छा काम कर रहे हैं। वे पूरे देश में मैच देख रहे हैं और रेड-बॉल सीजन के दौरान टॉप परफॉर्मर्स पर नजर रखते हैं।"
अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साइ सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, हर्ष दुबे, मानव सुतार, गुरनूर बरार।
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतिश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



