रिंकू सिंह की टीम बनी UPT20 लीग 2026 की चैंपियन, IPL 2027 में KKR बनाएगा कप्तान?
रिंकू सिंह की टीम मेरठ मावेरिक्स यूपी टी20 लीग 2026 की चैंपियन बनी है। उनकी अगुवाई में मेरठ ने दूसरी बार यह खिताब जीता है। ऐसे में आईपीएल में केकेआर उन्हें कप्तान बनाने का सोच सकता है।

रिंकू सिंह की अगुवाई वाली मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी20 लीग के फाइनल में भुवनेश्वर कुमार की लखनऊ फाल्कन्स को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया। मेरठ का यह दूसरा यूपी टी20 लीग का खिताब है, इससे पहले टीम 2024 में चैंपियन बनी थी। फाइनल में मेरठ ने पहले बैटिंग करते हुए दिव्यांश जोशी के शतक के दम पर 203 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में लखनऊ की टीम मात्र 109 रनों पर ही सिमट गई। मेरठ ने 94 रनों से इस मैच को जीता।
दिव्यांश जोशी की शानदार शतकीय पारी
मेरठ मावेरिक्स ने पहले बैटिंग करते हुए लखनऊ के सामने 204 रनों का विशाल टारगेट रखा था। मेरठ को इस स्कोर तक पहुंचाने में दिव्यांश जोशी का अहम रोल रहा। इस सलामी बल्लेबाज ने 105 रनों की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। उनके अलावा कोई बल्लेबाज 25 रन तक का आंकड़ा पार नहीं कर पाया। कप्तान रिंकू सिंह का बल्ला भी फाइनल में नहीं चला और वह मात्र 1 रन ही बना पाए। भुवनेश्वर कुमार ने इस दौरान 1 विकेट चटकाए और लखनऊ के लिए अभिनंदन सिंह 3 विकेट के साथ सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले बल्लेबाज रहे।
109 पर सिमटी लखनऊ फाल्कन्स की पूरी टीम
204 रनों के मुश्किल टारगेट का पीछा करने उतरी भुवनेश्वर कुमार की पूरी टीम मात्र 109 रनों पर ही ढेर हो गई। अजीत वर्मा 39 रनों के साथ टीम के हाइएस्ट स्कोरर रहे, उनके अलावा लखनऊ का कोई बल्लेबाज कमाल नहीं दिखा पाया।
दिव्यांश जोशी को फाइनल में उनकी कमाल की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
रिंकू सिंह को IPL में मिल सकता है कप्तानी का ऑफर
IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को 2027 सीजन के लिए नए कप्तान की तलाश है। अजिंक्य रहाणे आईपीएल समेत सभी फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं, ऐसे में रिंकू सिंह उनके लिए एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं। रिंकू एक बेहतरीन बल्लेबाज और शानदार फिनिशर है, आईपीएल में वह लगातार टीम का हिस्सा रहते हैं। यूपी टी20 लीग में उनकी कप्तानी और कामयाबी को देखते हुए केकेआर उन्हें कप्तान बनाने पर विचार कर सकता है। उनकी अगुवाई में मेरठ का यह दूसरा खिताब है। 2024 में भी जब टीम चैंपियन बनी थी तो रिंकू ने कई मैचों में कप्तानी की थी।
रिंकू सिंह की अगुवाई में मेरठ ने यूपी टी20 लीग 2026 में 10 में से 9 मैच जीते। वहीं वह आईपीएल 2026 में केकेआर के उप-कप्तान भी थे। ऐसे में उन्हें अगले सीजन में कप्तान बनाना केकेआर के लिए फायदे का सौदा हो सकता है।



