Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़rinku singh and hardik pandya are waiting their turn but India win before them Sunil Gavaskar praises batting depth
अभी रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या तो…गावस्कर ने भारतीय बल्लेबाजी की गहराई की तारीफ की

अभी रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या तो…गावस्कर ने भारतीय बल्लेबाजी की गहराई की तारीफ की

संक्षेप:

सुनील गावस्कर ने कहा है कि भारत टी20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रहा है। भारतीय बल्लेबाजी की गहराई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तो रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाजों की बारी ही नहीं आ पा रही और टीम इंडिया जीत जा रही है।

Jan 26, 2026 02:58 pm ISTChandra Prakash Pandey नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला को केवल अभ्यास के तौर पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत टी20 विश्व कप में अपने खिताब का बचाव करने के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रहा है और किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहा है। भारतीय बल्लेबाजी की गहराई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अभी तो रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाजों की बारी ही नहीं आ पा रही और टीम इंडिया जीत जा रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

भारतीय टीम ने रविवार को गुवाहाटी में आठ विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। इसके बाद गावस्कर ने भारतीय टीम की जमकर प्रशंसा करते हुए उसकी मजबूती पर बात की।

असली काम से 7 फरवरी से शुरू होगा: गावस्कर

गावस्कर ने जियो हॉटस्टार के एक कार्यक्रम में कहा, ‘यह श्रृंखला तो भूख जगाने की तरह है। असली काम तो सात फरवरी से शुरू होगा। श्रृंखला जीतने के बाद अब सारा ध्यान विश्व कप खिताब का बचाव करने पर है। यह खिलाड़ी उसके लिए अच्छी तरह से तैयारी कर रहे हैं।’

ये भी पढ़ें:जब तूफानी पारी के बाद अभिषेक शर्मा का बैट चेक करने लगे न्यूजीलैंड के खिलाड़ी

उन्होंने कहा, ‘उनमें से कुछ को तो बल्लेबाजी का मौका भी नहीं मिला है, इसलिए वे ‘रेंज हिटिंग, टाइमिंग, रिदम, बैट फ्लो और पिक-अप’ पर काम कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि इस टीम का ध्यान पूरी तरह से अपने लक्ष्य पर केंद्रित है। वे विश्व कप को हल्के में नहीं ले रहे हैं। वे किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहे हैं।’

गावस्कर ने कहा कि भारत की टीम की गहराई और आत्मविश्वास इस बात से स्पष्ट हो जाती है कि निचले क्रम के बल्लेबाजों के योगदान के बिना भी वह आसानी से मैच जीत रही है।

उन्होंने कहा, ‘भारत को खुद पर पूरा भरोसा है। जब आपके पास निचले क्रम में रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी हों और उन्हें दो मैचों में बल्लेबाजी करने की जरूरत भी न पड़ी हो और भारत फिर भी आसानी से जीत रहा हो तो इससे इस टीम की क्षमता और गहराई का पता चलता है।’

ये भी पढ़ें:T20I में भारत के लिए 5 सबसे तेज फिफ्टी प्लस पारियां, अभिषेक शर्मा यहां भी छाए

इस 76 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी ने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों की मौजूदा मानसिकता सबसे छोटे प्रारूप के लिए पूरी तरह से उपयुक्त है।

यह टीम छोटी-मोटी चूक से उबरना जानती है: गावस्कर

गावस्कर ने कहा, ‘अगर 20 ओवर के मैच में कोई बल्लेबाज खुद से कहता है कि उसके पास पांच या सात ओवर हैं तो वह लगभग हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश कर सकता है। यह हमेशा चौका या छक्का जड़ने से नहीं जुड़ा है। यह एक या दो रन भी हो सकते हैं, लेकिन मकसद हर गेंद का पूरा फायदा उठाना है।’

उन्होंने कहा, ‘इस टीम के अंदर यह विश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। भले ही कोई छोटी-मोटी चूक हो जाए, यह टीम जानती है कि वह इससे उबर सकती है, फिर से संगठित हो सकती है और जीत की ओर आगे बढ़ सकती है।’

अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की

गावस्कर ने गुवाहाटी में अभिषेक शर्मा के केवल 14 गेंदों में बनाए गए विस्फोटक अर्धशतक की भी प्रशंसा की, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी भारतीय का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। उनकी तुलना युवराज सिंह से की जा रही है जिनके नाम पर सबसे कम गेंद में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड है।

ये भी पढ़ें:सोच समझकर शॉट मारते हैं अभिषेक, उनसे सीख लेने की जरूरत; शर्मा का मुरीद हुआ कीवी

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि इस तरह के रिकॉर्ड को तोड़ना बहुत मुश्किल है। सिर्फ दो ओवर में अर्धशतक बनाना बेहद कठिन है। लेकिन अभिषेक शर्मा ने पिछले कुछ मैचों में यह साबित कर दिया है कि वह ऐसा करने में सक्षम हैं।’

गावस्कर ने कहा, ‘उन्होंने इस मैच में 14 गेंदों में अर्धशतक बनाया। एक अन्य मैच में उन्होंने 17 गेंदों में अर्धशतक बनाया था, इसलिए वह लगातार रिकॉर्ड के करीब पहुंच रहे हैं। मुझे लगता है कि सबसे खुश युवराज सिंह होंगे। उन्हें खुशी होगी कि उनका रिकॉर्ड उस खिलाड़ी ने तोड़ा है जिसे वह खुद कोचिंग दे रहे हैं।’

सूर्यकुमार की रायपुर वाली पारी सही समय पर आई थी: गावस्कर

विश्व कप से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर टिप्पणी करते हुए गावस्कर ने कहा कि रायपुर में खेली गई उनकी 82 रन की पारी सही समय पर आई थी।

उन्होंने कहा, ‘रायपुर में खेली गई उनकी पारी ने उन्हें वह आत्मविश्वास दिया जिसकी उन्हें जरूरत थी। वह खराब फॉर्म में नहीं थे, बल्कि बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे। वह पारी बिलकुल वैसी ही थी जैसी उन्हें चाहिए थी।’

भारत विश्व कप में अपना पहला मैच अमेरिका के खिलाफ सात फरवरी को मुंबई में खेलेगा।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey
चन्द्र प्रकाश पाण्डेय टीवी पत्रकारिता से शुरुआत। न्यूज24, हमार टीवी, श्री न्यूज, फोकस न्यूज और न्यूज वर्ल्ड इंडिया में अलग-अलग भूमिकाओं के बाद 2016 में नवभारत टाइम्स.कॉम के साथ डिजिटल पारी का आगाज। देश, दुनिया, राजनीति, खेल, अदालत, अपराध से जुड़ीं खबरों पर लेखन। एनबीटी में करीब 9 साल की शानदार पारी के बाद मार्च 2025 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा और स्पोर्ट्स डेस्क इंचार्ज। मूल रूप से यूपी के देवरिया के निवासी। सीखने और समझने के सतत क्रम में भरोसा। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, लाइव स्कोर, क्रिकेट शेड्यूल, T20 वर्ल्ड कप 2026, T20 वर्ल्ड कप 2026 शेड्यूल और T20 वर्ल्ड कप 2026 प्वाइंट टेबल की पूरी जानकारी और खिलाड़ियों के आंकड़े हिंदी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।