
ऋचा घोष-नादिन डी क्लर्क ने रचा इतिहास, बनाया डाला ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड जो मेंस क्रिकेट में भी नहीं बना
संक्षेप: यह रिकॉर्ड वनडे मैच के दौरान 8वें या उससे नीचे बैटिंग करते हुए दोनों टीमों के बल्लेबाजों द्वारा 80 से अधिक रन बनाने का। ऋचा घोष ने इस मैच में 94 रनों की धुआंधार पारी खेली, वहीं नादिन डी क्लर्क ने 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के 10वें मुकाबले के दौरान कई रिकॉर्ड टूटे। 253 रनों की रोमांचक चेज में साउथ अफ्रीका ने 3 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच के दौरान भारतीय विकेट कीपर बल्लेबाज ऋचा घोष और साउथ अफ्रीका की नादिन डी क्लर्क ने इतिहास रच दिया। दोनों ने मिलकर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया जो महिलाओं तो छोड़िए मेंस क्रिकेट में भी आज तक कोई नहीं बना पाया। जी हां, यह रिकॉर्ड वनडे मैच के दौरान 8वें या उससे नीचे बैटिंग करते हुए दोनों टीमों के बल्लेबाजों द्वारा 80 से अधिक रन बनाने का।

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर ने एक बार फिर निराश किया। 102 के स्कोर पर भारत 6 विकेट गंवा चुका था। तब ऋचा घोष ने आगकर 94 रनों की शानदार पारी खेली और टीम इंडिया को 252 के स्कोर तक पहुंचाया। ऋचा घोष इसी के साथ 8वें या उससे नीचे नंबर पर बैटिंग करते हुए वुमेंस वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाली बैटर बनीं।
253 के स्कोर का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी भारत की तरह रही, आधी साउथ अफ्रीकी टीम 81 के स्कोर पर पवेलियन में थी, वहीं 6ठा झटका उन्हें 142 के स्कोर पर लगा। इसके बाद बैटिंग करने आईं नादिन डी क्लर्क ने 54 गेंदों पर 84 रनों की धुआंधार पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई। साउथ अफ्रीका ने 7 गेंदें और 3 विकेट रहते इस मैच को अपने नाम किया।
इसी के साथ ऋचा घोष और नादिन डी क्लर्क वर्ल्ड क्रिकेट में 8वें या उससे नीचे बैटिंग करते हुए एक ही मैच में 80 से अधिक रन बनाने वाली पहली जोड़ी बनी।
एक और रिकॉर्ड पर नजर डालें तो साउथ अफ्रीका ने 81 रन पर 5 विकेट खोने के बाद 171 रन जोड़े, यह वुमेंस वनडे क्रिकेट में आधी टीम के पवेलियन लौट जाने के बाद टारगेट का पीछा करते हुए जोड़े गए सबसे ज्यादा रन है।






