
Smriti Mandhana Palash Muchhal Wedding: भाई पलाश की स्मृति मंधाना संग शादी टलने पर बहन पलक मुच्छल ने क्या कहा?
Smriti Mandhana Palash Muchhal Wedding update: पिता की तबीयत खराब होने के बाद स्मृति मंधाना ने अपनी शादी को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है। इस बीच पलाश की बहन और स्टार प्लेबैक सिंगर पलक मुच्छल ने लोगों से दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
स्टार महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना जिस दिन मंगेतर पलाश मुच्छल संग सात फेरे लेने वाली थीं, संयोग से उसी दिन उनके पिता की अचानक तबीयत खराब हो गई। अभी वह अस्पताल में हैं और राहत की बात ये है कि उनकी हालत स्थिर है। पिता की तबीयत खराब होने के बाद स्मृति मंधाना ने अपनी शादी को अनिश्चित काल के लिए टाल दिया है और सोशल मीडिया से सगाई और शादी की रस्मों से जुड़े तमाम पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। इस बीच पलाश की बहन और स्टार प्लेबैक सिंगर पलक मुच्छल ने लोगों से दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।

पलक मुच्छल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'स्मृति के पिता के स्वास्थ्य संबंधी वजहों से स्मृति और पलाश की शादी स्थगित हो गई है। हम आप सभी से इस संवेदनशील समय में परिवारों की प्राइवेसी के सम्मान की गुजारिश करते हैं।'
इससे पहले पलाश और पलक की मां ने हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि पलाश स्मृति मंधाना के पिता के बहुत ही करीब हैं। उनकी तबीयत खराब होने की जानकारी होते ही पलाश ने स्मृति मंधाना से पहले ही तय कर लिया था कि उनके स्वस्थ होने तक वह शादी नहीं करेगा।
स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की 23 नवंबर रविवार को महाराष्ट्र के सांगली में शादी होने वाली थी। मेंहदी और हल्दी जैसी रस्मों में महिला वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम की कई चैंपियन खिलाड़ी भी मौजूद थीं। शादी वाले दिन ही अचानक स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना की तबीयत खराब होने के बाद ये बहुप्रतीक्षित शादी अनिश्चित काल के लिए टल गई है।
स्मृति मंधाना के मैनेजर तुहीन मिश्रा ने बताया कि उनके पिता को रविवार सुबह हृदय संबंधी समस्या हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने बताया कि पिता के स्वास्थ्य को देखते हुए स्मृति ने उनके ठीक होने तक शादी को टाल दिया है।
मिश्रा ने बताया, 'स्मृति के पिता मिस्टर श्रीनिवास मंधाना सुबह में नाश्ता कर रहे थे और उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। हमने ये सोचकर थोड़ी देर इंतजार किया कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे, लेकिन सुधार नहीं हुआ। इसलिए हमने किसी तरह का जोखिम नहीं लेने का फैसला किया और ऐंबुलेंस को कॉल किया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और वह ऑब्जर्वेशन में हैं।'
स्मृति के फैमिली डॉक्टर नमन शाह ने बताया कि एक मेडिकल टीम उनके पिता के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है।
स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने के बाद पलाश मुच्छल की भी तबीयत खराब हो गई। उन्हें भी अस्पताल ले जाना पड़ा लेकिन जल्द ही वह डिस्चार्ज हो गए।






