RCB की जीत पर हुआ ड्रामा, राधा यादव के विनिंग शॉट्स पर गिरी गिल्लियां; खड़ा हुआ विवाद
राधा यादव ने विनिंग शॉट खेला तो आरसीबी के खिलाड़ी जीत का जश्न मनाने ही लगे थे कि अंपायरों को मैदान पर कुछ अजीब दिखाई दिया। बेल्स जमीन पर गिरी हुई थी। अंपायर इसको लेकर आपस में बात करने लगे। बाद में आरसीबी को विजेता घोषित किया।

गुरुवार, 5 फरवरी की रात स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर WPL 2026 के खिताब पर कब्जा जमाया। हालांकि आरसीबी की इस जीतकर पर जमकर ड्रामा हुआ। आखिरी ओवर में जब आरसीबी की बैटर राधा यादव ने विनिंग शॉट खेला तो आरसीबी के खिलाड़ी जीत का जश्न मनाने ही लगे थे कि अंपायरों को मैदान पर कुछ अजीब दिखाई दिया। बेल्स जमीन पर गिरी हुई थी। अंपायर इसको लेकर आपस में बात करने लगे। ऐसे में आरसीबी के खिलाड़ियों को कुछ देर के लिए अपने जश्न को रोकना पड़ा। अंपायरों ने हालांकि सलाह-मशविरा करने के बाद आरसीबी को विजेता घोषित किया। आईए समझते हैं क्या है पूरा मामला-
204 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आखिरी ओवर में 10 रनों की दरकार थी। पहली दो गेंदों पर 1-1 रन दौड़ने के बाद राधा यादव ने श्री चरणी की तीसरी गेंद पर चौका लगाया। यहां से आरसीबी की जीत की उम्मीदें और भी बढ़ गई थी।
अगली ही गेंद पर राधा यादव ने एक्सट्रा कवर के ऊपर से एक और चौका लगाया। गेंद के बाउंड्री पर पहुंचते ही आरसीबी के खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था, मगर अंपायरों ने पाया कि बेल्स स्टंप पर नहीं है। ऐसे में अंपायरों ने आपस में बातचीत की। सवाल यह था कि राधा यादव यहां हिट विकेट तो नहीं हुईं?
रिप्ले में देखने को मिला कि बेल्स राधा यादव ने नहीं बल्कि दिल्ली कैपिटल्स की विकेट कीपर लिजेल ली के ग्लव्स से लगकर गिरी है। ऐसे में अंपायरों ने आरसीबी को विजेता घोषित किया और पूरी टीम ने जमकर जश्न मनाया।
कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग चार के बड़े स्कोर वाले रोमांचक फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियनस दोनों के नाम पर दो-दो डब्ल्यूपीएल खिताब हो गए हैं। दिल्ली की टीम को लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए शिकस्त का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने स्मृति (87 रन, 41 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और जॉर्जिया (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के बीच दूसरे विकेट की 165 रन की साझेदारी से 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज की। चिनेल हेनरी (34 रन पर दो विकेट) और नंदिनी (41 रन पर एक विकेट) ने अंतिम ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को वापसी दिलाने की कोशिश की लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाईं।
दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57), लॉरा वोल्वार्ट (44), सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (37) और सलामी बल्लेबाज हेनरी (नाबाद 35) की पारियों से चार विकेट पर 203 रन बनाए।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


