
आरसीबी ने मालोलन रंगराजन को महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुरुवार को तमिलनाडु के पूर्व स्पिनर मालोलन रंगराजन को अगले साल होने वाले महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के चौथे सत्र से पहले अपनी महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुरुवार को तमिलनाडु के पूर्व स्पिनर मालोलन रंगराजन को अगले साल होने वाले महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के चौथे सत्र से पहले अपनी महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया।

रंगराजन ल्यूक विलियम्स की जगह लेंगे, जिन्हें 2024 में मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। बिग बैश लीग में एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ अपनी प्रतिबद्धताओं के कारण ऑस्ट्रेलिया का यह पूर्व खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल में अपनी सेवाएं नहीं दे पाएगा।
आरसीबी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, ‘पिछले छह वर्षों से विभिन्न भूमिकाओं में आरसीबी के सहयोगी स्टाफ के प्रमुख सदस्य रहे मालोलन रंगराजन को अब आगामी डब्ल्यूपीएल के लिए मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।'
रंगराजन शुरुआत से ही आरसीबी के डब्ल्यूपीएल के सहयोगी स्टाफ के सदस्य रहे हैं। आरसीबी ने जब 2024 में खिताब जीता था तब वह टीम के सहायक कोच थे।
36 साल के मालोलन रंगराजन को कभी भारत की तरफ से खेलने का मौका नहीं मिला। वह दाहिने हाथ के ऑफ स्पिनर हैं।
मालोलन के क्रिकेट करियर की बात करें तो फर्स्ट क्लास के 47 मैच में उनके नाम 136 विकेट दर्ज हैं। पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 135 रन देकर 7 विकेट हैं। मैच में बेस्ट परफॉर्मेंस की बात करें तो मालोलन ने एक प्रथम श्रेणी मैच में 78 रन देकर 10 विकेट झटके थे।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मालोलन बहुत ही किफायती गेंदबाज रहे थे। उनका इकॉनमी रेट 2.93 का है। उन्होंने 5 बार 5 विकेट और 8 बार 4 विकेट हॉल हासिल किया है।






