रजाउल्लाह की रिकॉर्ड पारी ने बचाई पाकिस्तान की लाज, ENG vs PAK टेस्ट रोमांचक मोड़ पर

लाइव हिन्दुस्तान, बर्मिंघम, भाषा
Follow us on Google News
share

रजाउल्लाह ने एजबेस्टन टेस्ट में कमाल ही कर दिया। उन्होंने 43 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की वहीं अपनी 81 रनों की पारी में 9 गगनचुंबी छक्के लगाकर दोहरा इतिहास रचा। इंग्लैंड को जीत के लिए 130 रन चाहिए।

Razaullah
रजाउल्लाह ने रचा इतिहास

एजबेस्टन टेस्ट में डेब्यू कर रहे 9वें नंबर के बल्लेबाज रजाउल्लाह खान (81) की सनसनीखेज छक्कों की बारिश ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के असाधारण पलटवार को यादगार बना दिया। रजाउल्लाह ने 63 गेंद की अपनी पारी में नौ छक्के और चार चौके जड़े जिससे पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने के बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बनाए। पाकिस्तान से उम्मीद थी कि वह सीरीज के पहले दो टेस्ट की तरह तीसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन भी इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों के सामने ढेर हो जाएगा। मेजबान टीम के गेंदबाज इस सीरीज में अब तक कमजोर नजर आए पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम पर हावी रहे थे।

पाकिस्तान ने दूसरी पारी में आखिरकार बल्ले से दम दिखाया और दिन के आखिरी ओवर में 449 रन पर आउट होकर 129 रन की बढ़त हासिल कर ली। इस पलटवार ने मैच को ऐसे रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया, जहां चौथे दिन का खेल किसी ने शायद ही सोचा था।

इंग्लैंड को अब शनिवार को जीत के लिए 130 रन बनाने होंगे। ऐसा करने पर वह 2024 में इसी मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ हासिल की गई जीत के बाद पहली बार तीन टेस्ट की सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा करेगा।

पाकिस्तान की वापसी में शान मसूद (95), कप्तान बाबर आजम (76) और सलामी बल्लेबाज अजान अवैस (59) के जुझारू अर्धशतकों की अहम भूमिका रही। पहली पारी में 320 रन से पिछड़ने वाली पाकिस्तानी टीम ने इन तीनों की पारियों के दम पर घाटा लगभग पूरा कर लिया।

इसके बाद नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रजाउल्लाह और दसवें नंबर के बल्लेबाज मोहम्मद अब्बास (42) ने दिन के आखिरी दौर में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को बढ़त दिला दी। दोनों ने 10वें विकेट के लिए 123 गेंद में 121 रन की साझेदारी की।

  • रजाउल्लाह ने 43 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की, जो पाकिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट मैच में किसी भी बल्लेबाज द्वारा जड़ी गई सबसे तेज फिफ्टी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड फहीम अशरफ के नाम था, जिन्होंने 2018 में आयरलैंड के खिलाफ 52 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।
  • रजाउल्लाह ने अपनी इस पारी में 9 छक्के जड़े। उन्होंने इसी के साथ इंग्लैंड में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में बेन स्टोक्स की बराबरी की। स्टोक्स ने एशेज 2023 में लॉर्ड्स में ये कारनामा किया था।
  • रजाउल्लाह ने दोहरा इतिहास भी रचा। उन्होंने डेब्यू टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के टिम साउदी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में नंबर-9 की पोजिशन पर भी सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बने।

इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन ने तीन विकेट लिए, जबकि ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और डैन लॉरेंस को दो-दो सफलताएं मिलीं।

पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत दो विकेट पर 52 रन से की थी। टीम ने मैच के दूसरे दिन बिना खाता खोले अपने दोनों शुरुआती विकेट गंवा दिए थे।

मसूद ने अवैस के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 रन और बाबर आजम के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन की साझेदारी की। इसके बाद बाबर ने सऊद शकील (29) के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े। इन साझेदारियों के दम पर पाकिस्तान ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने इस श्रृंखला में पहली बार मजबूत जज्बा दिखाया।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़रजाउल्लाह की रिकॉर्ड पारी ने बचाई पाकिस्तान की लाज, रोमांचक मोड़ पर तीसरा टेस्ट