रजाउल्लाह ने डेब्यू टेस्ट मैच में उड़ाया गर्दा, छक्कों के मामले में की टिम साउदी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की अपनी दूसरी पारी में 449 रन बनाकर लाज बचाई। इस दौरान डेब्यूटेंट रजाउल्लाह ने 81 रनों की पारी में 9 छक्के लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।

इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैच की सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जा रहा है। पहले दो टेस्ट मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इस मैच में भी हथियार डाल दिए थे। पहली पारी में टीम 133 के स्कोर पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने 453 रन बोर्ड पर लगाकर अच्छी खासी बढ़त बना ली थी। जिस तरह से इस सीरीज में पाकिस्तान के बल्लेबाज खेले हैं, उसे देखकर उम्मीद की जा रही थी कि तीसरे ही दिन मैच खत्म हो जाएगा, लेकिन पाकिस्तान लाज बचाने में कामयाब रहा। सीरीज में पहली बार 200 रन का आंकड़ा पार करते हुए पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बोर्ड पर लगाए। इस दौरान कप्तान बाबर आजम समेत शान मसूद, अजान अवैस और रजाउल्लाह ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। इस मैच के जरिए टेस्ट डेब्यू कर रहे रजाउल्लाह ने तो 9 छक्के जड़ वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की।
रजाउल्लाह टेस्ट डेब्यू में जड़े सबसे ज्यादा छक्के
रजाउल्लाह ने इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू टेस्ट में 81 रनों की पारी के दौरान 63 गेंदों का सामना किया, जिसमें 4 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए। उन्होंने इसी के साथ न्यूजीलैंड के गेंदबाज टिम साउदी के डेब्टू टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। साउदी ने 2008 में अपने डेब्यू टेस्ट की एक पारी में 9 छक्के लगाए थे। अब 18 साल बाद रजाउल्लाह ने उनके इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की है। वेस्टइंडीज के काइल मेयर्स 7 छक्कों के साथ लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।
टेस्ट डेब्यू पर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के
9 - टिम साउदी (NZ) बनाम ENG, नेपियर, 2008
9 - रजाउल्लाह (PAK) बनाम ENG, बर्मिंघम, 2026*
7 - काइल मेयर्स (WI) बनाम BAN, चटगांव, 2021
पाकिस्तान की पूरी टीम ने लगाए कुल 12 छक्के
रजाउल्लाह के इस तूफानी प्रदर्शन के साथ पाकिस्तान की पूरी टीम ने इस पारी में 12 छक्के लगाए। यह पाकिस्तान द्वारा एक टेस्ट पारी में लगाए गए तीसरे सबसे ज्यादा सिक्स है। इससे पहले टीम एक बार पारी में 15 और दो बार 13-13 छक्के लगा चुकी है।
15 बनाम NZ, लाहौर, 2002
13 बनाम ZIM, शेखपुरा, 1996
13 बनाम ENG, फैसलाबाद, 2005
12 बनाम IND, लाहौर, 2006
12 बनाम SL, कराची, 2009
12 बनाम ENG, बर्मिंघम, 2026*
रजाउल्लाह ने खुद बताया अपना प्लान
दिन का खेल खत्म होने के बाद रजाउल्लाह ने कहा, "मुझे बस बैटिंग करनी थी, आपको इसका मजा लेना था। मैं अपने शॉट्स चुन रहा था। मेरा प्लान था कि इसे लंबा और गहरा ले जाऊं। उन्होंने मेरे स्लॉट में बॉलिंग की, इसलिए मैं इसका फायदा उठाना चाहता था। मैंने अपने दोनों बैट तोड़ दिए। मेरे बैग में छह बैट हैं। (अपने रिकॉर्ड पर) मैं अल्लाह का जितना शुक्रिया अदा करूं कम है। इसमें मेरी कोई अचीवमेंट नहीं है। यह तो बस जर्नी की शुरुआत है।
[जोफ्रा आर्चर का सामना करने पर] मैं बिल्कुल भी डरा नहीं था। जाहिर है, जब कोई इंसान अपने देश के लिए खेलता है, तो डरने का कोई सवाल ही नहीं उठता। मैं बस हर चीज का मजा ले रहा था। [इस पर कि क्या उनकी इनिंग्स ऊपर के बैट्समैन को कॉन्फिडेंस दे सकती हैं] मैं टॉप-ऑर्डर बैट्समैन को कोई मैसेज नहीं देने वाला। मैं बस सीखने की कोशिश कर रहा हूं। [पाकिस्तान के लिए दिन की इंपॉर्टेंस पर] जाहिर है, यह बहुत इंपॉर्टेंट दिन था। मैं जितना हो सके खुद स्ट्राइक लेने की कोशिश कर रहा था। वे सभी चीजें हमारे और पाकिस्तान के लिए काम आईं।"



