रवींद्र जडेजा-यशस्वी जायसवाल वर्ल्ड कप 2027 प्लान से बाहर? IND vs NZ ODI टीम की 5 बड़ी बातें
बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय वनडे स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। टीम से एक बार फिर रवींद्र जडेजा को ड्रॉप कर दिया गया है। जड्डू को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में जगह मिली थी, मगर वह फायदा नहीं उठा पाए।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-1 से वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा था कि अब वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों को पुख्ता करने का समय आ गया है, नए खिलाड़ियों के साथ एक्सपेरिमेंट करने की बजाय उन खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा मौके देने होंगे जो वर्ल्ड कप 2027 प्लान का हिस्सा हों। गिल के इस बयान से संकेत मिले थे कि न्यूजीलैंड दौरे पर उन्हीं भारतीय खिलाड़ियों का चयन होगा, जो भारत की वर्ल्ड कप 2027 स्कीम का हिस्सा होंगे। ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए दो अलग-अलग वनडे टीमों का ऐलान किया है। पहले तीन मैचों में नियमित कप्तान शुभमन गिल टीम को लीड करेंगे। इसके बाद गिल कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ टेस्ट सीरीज की तैयारियों में बिजी हो जाऐंगे, ऐसे में टीम की बागडोर उप-कप्तान श्रेयस अय्यर संभालेंगे। आइए एक नजर IND vs NZ ODI टीम की 5 बड़ी बातों पर एक नजर डालते हैं।
- रवींद्र जडेजा का चयन वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैच की सीरीज के लिए हुआ था। यह वर्ल्ड कप 2027 के लिए जड्डू का टेस्ट माना जा रहा था। हालांकि यह भारतीय हरफनमौला इस टेस्ट में बुरी तरह फेल हुआ, जिस वजह से न्यूजीलैंड दौरे पर उन्हें वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी के साथ उनका वर्ल्ड कप 2027 से भी पत्ता कट गया है। जडेजा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में 2 मैचों में 20 ओवर गेंदबाजी करते हुए 2 ही विकेट चटकाए थे, वहीं बल्ले से उन्हें कमाल दिखाने का मौका नहीं मिला।
- यशस्वी जायसवाल को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में जगह नहीं मिली है। जायसवाल को रोहित शर्मा का बैकअप ओपनर माना जा रहा था। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में वह वनडे स्क्वॉड का हिस्सा थे, मगर न्यूजीलैंड दौरे पर उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया है।
- क्या ईशान किशन बन सकते हैं रोहित शर्मा के बैकअप ओपनर? बीसीसीआई द्वारा जारी किए गए स्क्वॉड से तो यही हिंट मिलते हैं। उनका चयन सभी 5 वनडे मैचों के लिए हुआ है। वहीं आखिरी दो मैचों के लिए उन्हें टीम का उप-कप्तान भी बनाया गया है। ईशान केएल राहुल के बैकअप विकेट कीपर और रोहित शर्मा के बैकअप ओपनर बन सकते हैं।
- आखिरी दो वनडे के लिए तिलक वर्मा, आकिब नबी, कुमार कुशाग्र और यश ठाकुर को वनडे टीम में चुना गया है। कुमार कुशाग्र को पहली बार वनडे टीम के लिए चुना गया है। ऐसे में क्या ये खिलाड़ी भारत के वर्ल्ड कप 2027 प्लान का हिस्सा हो सकते हैं। आकिब नबी और यश ठाकुर को पेस बॉलिंग अटैक के बैकअप के लिए तैयार किया जा सकता है। वहीं तिलक वर्मा श्रेयस अय्यर के बैकअप बन सकते हैं।
- जसप्रीत बुमराह को उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए किसी भी वनडे टीम में जगह नहीं दी है। रिपोर्ट्स हैं कि बीसीसीआई ने बुमराह को लेकर खास प्लान तैयार किया है। अगले साल की शुरुआत तक वह सिर्फ रेड बॉल क्रिकेट पर ही फोकस करेंगे। भारत को इस साल के अंत से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें बुमराह की भूमिका अहम होगी। इसके बाद ही वह वनडे की तैयारियां शुरू करेंगे।
न्यूजीलैंड दौरे पर पहले तीन ODI के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड दौरे पर चौथा और पांचवें ODI के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर, उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, रुतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव।



