CSK की प्लेइंग XI में शामिल होने चाहिए सरफराज खान, अश्विन का बड़ा बयान; हालिया प्रदर्शन का दिया हवाला
अश्विन ने सरफराज को सीएसके की प्लेइंग-11 में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कहा- अवन कधवा थट्टला, इडिची ओडाचिटु इरुक्कन.' (वह दरवाजा नहीं खटखटा रहा है, वह उसे तोड़ रहा है) CSK को निश्चित रूप से उन्हें प्लेइंग XII में शामिल करके उनके शानदार फॉर्म का फायदा उठाना चाहिए।

कुछ समय के लिए भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा रहने वाले सरफराज खान इन दिनों सीमित ओवर के घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने बल्ले से तो कमाल किया ही था, अब विजय हजारे ट्रॉफी में भी ताबड़तोड़ तूफानी बल्लेबाजी करके सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रहे हैं। सरफराज खान को 2026 के लिए हुए मिनी ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया है। अब उनकी शानदार बल्लेबाजी को देखते हुए भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर और पिछले साल तक चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा रहे रविचंद्रन अश्विन ने प्लेइंग इलेविन में खेलने का समर्थन किया है।
विजय हजारे ट्रॉफी (VHT) में गोवा के खिलाफ सरफराज खान के 75 गेंदों में 157 रन की ताबड़तोड़ पारी को देखते हुए और उनके सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के स्कोर का हवाला देते हुए रविचंद्रन अश्विन ने एक्स पर लिखा- “SMAT में 100*(47), 52(40), 64(25), 73(22). वह फॉर्म हजारे ट्रॉफी में भी जारी रहा, जिसमें 55(49) के स्कोर के बाद आज 14 छक्कों के साथ 157(75) की शानदार पारी खेली। यह विशेष रूप से प्रभावशाली है कि वह मिडिल ओवर्स में अपने स्वीप और स्लॉग स्वीप से स्पिन गेंदबाजों की धुनाई कैसे करते हैं।”
अश्विन ने सरफराज को सीएसके की प्लेइंग-11 में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा- “'अवन कधवा थट्टला, इडिची ओडाचिटु इरुक्कन.' (वह दरवाजा नहीं खटखटा रहा है, वह उसे तोड़ रहा है) CSK को निश्चित रूप से उन्हें प्लेइंग XI में शामिल करके उनके शानदार फॉर्म का फायदा उठाना चाहिए। इस सीजन में पीले रंग की जर्सी वाली टीम के लिए बल्लेबाजी क्रम में सरफराज का शामिल होना फायदे की बात होगी। IPL 2026 में सरफराज को मौके मिलने चाहिए।”
बता दें कि हाल ही संपन्न हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सरफराज खान ने सात मैचों में 203.08 के स्ट्राइक-रेट और 65.80 के औसत से 329 रन बनाए थे। इस प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए पांच बार की IPL विजेता CSK ने IPL 2026 मिनी-ऑक्शन में इस दाएं हाथ के बल्लेबाज को 75 लाख रुपये में खरीदा था। अब देखना होगा कि वे प्लेइंग 11 में जगह बना पाते हैं या नहीं।






