
चेतेश्वर पुजारा ने IPL 2026 Auction को लेकर की भविष्यवाणी, बताया कौन लूटेगा सबसे ज्यादा धन
IPL 2026 Auction में सबसे महंगा इंडियन प्लेयर कौन सा होगा? इसकी भविष्यवाणी पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने कर दी है। पुजारा ऑक्शन के दौरान टीवी पर नजर आएंगे और अलग-अलग टीमों की रणनीति बताते दिखाई देंगे।
IPL 2026 Auction को शुरू होने में अब ज्यादा वक्त नहीं है, लेकिन इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है। चेतेश्वर पुजारा ने बताया है कि कौन सा इंडियन प्लेयर आईपीएल 2026 ऑक्शन में सबसे महंगा बिकने वाला है। अबू धाबी में आज यानी मंगलवार 16 दिसंबर को आईपीएल के 19वें सीजन के लिए मिनी ऑक्शन होगा। इसमें कई सितारे नजर आने वाले हैं, लेकिन पुजारा ने दावा किया है कि सबसे महंगा इंडियन प्लेयर इस बार कोई और नहीं, बल्कि लेग स्पिनर रवि बिश्नोई होंगे।
जियोस्टार के एक्सपर्ट चेतेश्वर पुजारा ने मैच सेंटर लाइव ऑक्शन 2026 शो में भविष्यवाणी करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि वह रवि बिश्नोई होंगे, क्योंकि टीमें बहुत सारे स्पिनर्स को चुनना चाहती हैं और वह इस ऑक्शन में सबसे अच्छे गेंदबाजों में से एक हैं। मुझे लगता है कि रवि बिश्नोई सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी होंगे।" रवि बिश्नोई आपको पांचवें सेट में नजर आने वाले हैं, जो स्पिनर्स का सेट है। आईपीएल का अच्छा खासा अनुभव उनके पास है और 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस में उन्होंने अपना नाम रजिस्टर कराया है।
पिछले साल लेग स्पिनर रवि बिश्नोई लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा थे। उन्हें रिटेन किया गया था, लेकिन इस बार उनको रिलीज कर दिया गया है। जाहिर है एलएसजी भी उन पर बोली लगाएगी। इसके अलावा कई टीमों को स्पिनरों की तलाश है, जिसकी वजह से उनका केस मजबूत बिडिंग वॉर वाला लग रहा है। हालांकि, सबसे महंगे ओवरशीज प्लेयर कैमरोन ग्रीन हो सकते हैं, जो एकमात्र स्टार विदेशी प्लेयर इस बार ऑक्शन में हैं।
इसी शो में टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगर ने सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी के बारे में भविष्यवाणी करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि यह स्किल सेट पर निर्भर करेगा - चाहे वह लेफ्ट-आर्म सीमर हो या लेग-स्पिनर। लेफ्ट-आर्म सीमर्स में, नमन तिवारी पिछले U19 एडिशन में सबसे अलग दिखे; वह गेंद को अच्छी तरह से स्विंग कराते हैं और स्टंप्स के करीब रखते हैं। स्पिनर कैटेगरी में, शुभम अग्रवाल एक बहुत अच्छे लेग-स्पिनर और अनुभवी ऑप्शन हैं। इन दोनों पर नजर रखें।"






