एशियन गेम्स में क्रिकेट का मेडल जीतना क्यों अलग? रवि बिश्नोई बोले- यहां BCCI नहीं बल्कि...
भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई ने बताया है कि एशियन गेम्स में क्रिकेट का मेडल जीतना क्यों अलग एहसास है? भारतीय टीम गुरुवार को पुरुष क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल में उतरेगी।

भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई के लिए एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्च करने का अनुभव नया नहीं है और उनका मानना है कि ट्रॉफी की बजाय पदक के साथ पोडियम पर खड़े होने का अनुभव कुछ अनोखा और शानदार होता है। बिश्नोई तीन साल पहले हांगझोउ में आयोजित एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का भी हिस्सा थे। चीन की ही तरह भारतीय खिलाड़ी यहां भी होटल में रुके हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबला बारिश में धुलने के बाद भारत को ऊंची रैंकिंग के कारण सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। भारत का सामना मंगलवार को नेपाल और श्रीलंका के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। अगर यह मुकाबला भी रद्द होता है तो बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका सेमीफाइनल में भारत से भिड़ेगा।
'यहां आप BCCI नहीं बल्कि...'
बिश्नोई ने 'क्रिकबज' से कहा, ''भारत के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट या बहु खेल टूर्नामेंट में भाग लेने का अनुभव एक सा है। आप पदक जीते या ट्रॉफी, मायने समान हैं। लेकिन यहां आप बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट बोर्ड) नहीं बल्कि भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं तो पोडियम पर खड़े होने का अहसास अलग है। आपको ऐसे अधिक मौके नहीं मिलते और गले में पदक पहनकर खड़े होने का अहसास ही अलग है।'' भारतीय क्रिकेटर टोक्यो से नागोया बुलेट ट्रेन से आए और उन्होंने इस सफर का पूरा मजा लिया। बिश्नोई ने कहा, ''हम जापान पहले नहीं आए थे तो बहुत अच्छा अनुभव रहा। हमने एक घंटे 13 मिनट में 400 किलोमीटर का सफर किया। इससे बेहतर क्या हो सकता है ।''
'दुर्भाग्य से हम ऐसा नहीं कर सके'
वहीं, बिश्नोई ने मैच रद्द होने की घोषणा के बाद कहा, ''उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में हमें अच्छा क्रिकेट खेलने और जापान के लोगों के सामने अपना खेल दिखाने का मौका मिलेगा।'' उन्होंने कहा, ''एशियाई खेल निश्चित रूप से अन्य सीरीज और विश्व कप से अलग अनुभव हैं। यहां आपको अलग-अलग खेल देखने और उनका अनुभव लेने का मौका मिलता है।'' उन्होंने कहा, ''दुर्भाग्य से हम अब तक ऐसा नहीं कर सके हैं क्योंकि हम यहां से थोड़ी दूर ठहरे हुए हैं। लेकिन आज हम कोशिश करेंगे। कल भी हमारा मैच नहीं है इसलिए हम कुछ अन्य खेलों को भी देखने और उनका अनुभव लेने की कोशिश करेंगे।''
पहला क्वार्टर फाइनल भी बारिश में धुला
पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्वार्टर फाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान ने अगले दौर में जगह बनाई। भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, जबकि नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर के वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में व्यस्त होने के कारण वीवीएस लक्ष्मण को एशियन गेम्स 2026 की टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सहित कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।



