वो एक ओवर जिसने लिख दी भारत की हार की दास्तान, कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी माना टर्निंग पॉइंट
रवि बिश्नोई का वो एक ओवर जिसने मैच को पूरी तरह से भारत से दूर कर दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी मैच के बाद उसे ही टर्निंग पॉइंट बताया। बिश्नोई ने उस ओवर से 29 रन खर्च किए थे।

इंडिया वर्सेस इंग्लैंड दूसरा टी20 मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला गया था। इस मैच में टीम इंडिया को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में 4 मैचों में भारत की तीसरी हार है, वहीं एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा था। अय्यर की कप्तानी में भारत अभी भी पहली जीत तलाश रहा है। यह तलाश मैनचेस्टर में ही खत्म हो जाती, मगर स्पिनर रवि बिश्नोई के एक ओवर ने मैच पूरी तरह से ही पलट दिया। इस ओवर में 29 रन आए। रन से ज्यादा दर्द नो बॉल का है। बिश्नोई ने 2 नो बॉल डाली और फ्री हिट पर 2 छक्के खाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी इसे मैच का टर्निंग पॉइंट बताया। आईए एक नजर उस ओवर पर डालते हैं।
रवि बिश्नोई का 17वां ओवर बना टर्निंग पॉइंट
15 ओवर तक भारत पूरी तरह से मैच में बना हुआ था। इंग्लैंड का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 132 रन था। आखिरी 5 ओवर में मेजबानों को जीत के लिए 59 रनों की दरकार थी। 16वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने विल जैक्स का विकेट लेते हुए 10 रन खर्च किए और इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेलने की कोशिश की।
अब इक्वेशन यह थी कि भारत को आखिरी 4 ओवर में 49 रन डिफेंड करने थे। जरूरी रन रेट 12 के ऊपर का था। टीम इंडिया मैच में पूरी तरह से बनी हुई थी। तब कप्तान ने 17वां ओवर रवि बिश्नोई को डालने को कहा।
बिश्नोई ने इस ओवर की शुरुआत नो बॉल से की, फ्री हिट का फायादा उठाते हुए जैकब बेथल ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से शानदार छक्का लगाया। पहली गेंद पर बिश्नोई 8 रन खर्च कर चुके थे।
दूसरी गेंद बिश्नोई ने फिर नो बॉल डाली। इस बार बेथल ने फ्री हिट पर सामने की तरफ छक्का लगाया। यह दोनों ही फ्री हिट उन्हें स्लॉट में मिली, जिस वजह से उन्हें बाउंड्री क्लीयर करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। दूसरी गेंद पर बिश्नोई ने 7 रन खर्च किए।
पहली दो गेंदों पर 15 रन खर्च करने के बाद इक्वेशन यह थी कि भारत को जहां 24 गेंदों पर 49 रन डिफेंड करने थे, वहीं अब 22 गेंदों पर रनों की संख्या 34 रह गई थी।
जैकब बेथल यहीं नहीं रुके। उन्होंने बिश्नोई की चौथी गेंद पर चौका और पांचवी गेंद पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से एक और छक्का लगाया। यह गेंद भी बिश्नोई ने बेथल को प्लेट में परोस कर दी थी।
बिश्नोई ने 17वें ओवर से कुल 29 रन खर्च किए। यह T20I में किसी भी भारतीय द्वारा एक ओवर में खर्च किए गए तीसरे सबसे ज्यादा रन थे। शिवम दुबे 34 रनों के साथ पहले तो स्टुअर्ट बिन्नी 32 रनों के साथ दूसरे पायदान पर हैं।
अब आखिरी 3 ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 20 रनों की दरकार थी। इंग्लैंड ने 19वें ओवर में ही इस मैच को खत्म कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
श्रेयस अय्यर ने रवि बिश्नोई के ओवर के बारे में क्या कहा?
15वें ओवर के बाद मोमेंटम चला गया। रवि बिश्नोई ने एक नो बॉल डाली, मुझे लगा वह मजबूती से वापसी करेंगे, मगर उन्होंने फिर एक और नो बॉल डाली, लगातार दो नो बॉल ने हमें परेशान किया। 17वें ओवर में मैच हमारे हाथों से निकल गया। निश्चित रूप से उसे सीखना होगा।



