Ranji Trophy Final: जम्मू-कश्मीर ने तीसरे दिन की कर्नाटक की हालत खस्ता, मयंक के शतक से बची थोड़ी लाज
Ranji Trophy Final: कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल खेला जा रहा है। तीसरे दिन कर्नाटक ने पांच विकेट गंवाए।

Karnataka vs Jammu and Kashmir Ranji Trophy Final: कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। जम्मू-कश्मीर ने मैच के तीसरे दिन कर्नाटक की हालत खस्ता कर दी। आकिब नबी (तीन विकेट) ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कर्नाटक को झकोझोर दिया। स्टंप्स के समय कर्नाटक का पहली पारी में स्कोर 69 ओवर में पांच विकेट पर 220 रन था। कर्नाटक की टीम फिलहाल जम्मू-कश्मीर के 584 रन के विशाल स्कोर से 364 रन पीछे है। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल के शतक से कर्नाटक की थोड़ी लाच बची। मयंक 207 गेंदों में 17 चौको की मदद से 130 रन बनाकर नाबाद हैं। कृतिक कृष्ण 75 गेंदों में 27 रन बनाकर नाबाद हैं। कृतिक और मयंक छठे विकेट के लिए 58 रन जोड़ चुके हैं।
वहीं, टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने कर्नाटक के गेंदबाजों को खूब परेशान किया। दो दिन से अधिक बल्लेबाजी करने के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम 584 रनों पर सिमटी। जम्मू-कश्मीर के लिए शुभम पुंडीर ने शतक जड़ 121 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा 5 बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। कर्नाटक के लिए सबसे सफल गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा रहे, जिन्होंने 5 विकेट हॉल लिया। जवाब में कर्नाटक की शुरुआत काफी खराब रही थी और उसने मात्र 57 रनों पर ही अपने 4 शीर्ष विकेट गंवा दिए।
जम्मू-कश्मीर को 584 रन के विशाल स्कोर पर रोकने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक को आकिब नबी के कहर का सामना करना पड़ा। 12वें ओवर में नबी ने केएल राहुल (13) को आउट किया। नबी ने करुण नायर और आर स्मरण को खाता खोलने का भी मौका नहीं दिया। कप्तान देवदत्त पडिक्कल (11) को सुनील कुमार ने आउट किया। 57 पर चार विकेट गंवाने के बाद संकट में फंसी कर्नाटक को मयंक अग्रवाल और श्रेयस गोपाल की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हुई। 49वें ओवर में युद्धवीर सिंह चरक ने श्रेयस गोपाल (27) को एलबीडब्यू आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर ने कल के छह विकेट पर 527 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में अभी जम्मू-कश्मीर के स्कोर में 12 रन का इजाफा हुआ था कि प्रसिद्ध कृष्ण ने आबिद मुश्ताक (28) को आउट कर कर्नाटक को सातवीं सफलता दिलाई। इसके बाद उन्होंने 163वें ओवर में आकिब नबी (दो) का भी शिकार कर लिया। साहिल लूथरा ने कुछ समय तक संघर्ष दिखाया। अंतत: विजयकुमार वैशक ने 173वें ओवर में साहिल लूथरा को विद्याधर पाटिल के हाथों कैच आउट करा दिया। साहिल लूथरा ने 138 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 72 रन बनाए। अगले ही ओवर में देवदत्त पड़िक्कल ने तेज बल्लेबाजी कर रहे युद्धवीर सिंह चरक को रनआउट कर 584 के स्कोर जम्मू-कश्मीर की पारी का अंत कर दिया। युद्धवीर सिंह चरक ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाए।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें



