Ranji Trophy Final: दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर पहुंचा 500 के पार, कर्नाटक के गेंदबाज रहे बेअसर
Ranji Trophy Final Day 2 Highlights: कर्नाटक वर्सेस जम्मू-कश्मीर रणजी ट्रॉफी फाइनल हुबली में खेला जा रहा है। दूसरे दिन स्टंप्स तक जम्मू-कश्मीर का स्कोर 500 के पार पहुंच गया।

Ranji Trophy Final Day 2 Highlights: कर्नाटक वर्सेस जम्मू-कश्मीर रणजी ट्रॉफी फाइनल केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। बुधवार को मैच के दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर ने 500 रनों का आंकड़ा पार किया। दूसरे दिन का खेल खराब रोशनी के कारण रोकने के बाद समाप्त किए जाने के समय जम्मू-कश्मीर का स्कोर पहली पारी में 156 ओवर में छह विकेट पर 527 था। शुभम सिंह पुंडीर (121) के शतक, कप्तान पारस डोगरा (70) और अब्दुल समद (61), कन्हैया वधावन (70) और साहिल लूथरा (नाबाद 57) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
जम्मू-कश्मीर ने कल के दो विकेट पर 284 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह सत्र के जम्मू-कश्मीर का तीसरा विकेट पहले दिन के शतकवीर शुभम के रूप में गिरा। उन्हें विद्याधर पाटिल ने आउट किया। शुभम ने 247 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 121 रनों की पारी खेली। इसके बाद प्रसिद्ध कष्णा ने अर्धशतक पूरा कर चुके समद को आउट कर कर्नाटक को चौथी सफलता दिलाई। अब्दुल समद ने 104 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 61 रन बनाए।
कन्हैया ने 109 गेंदों में नौ चौके लगाते हुए 70 रन बनाए। उन्हें शिखर शेट्टी ने आउट किया। दिन का आखिरी विकेट पारस डोगरा के रूप में गिरा। उन्हें श्रेयस गोपाल ने बोल्ड आउट किया। पारस डोगरा ने 166 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 70 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर का लक्ष्य अपनी पारी को बड़े स्कोर की तरफ ले जाना होगा। वहीं, कर्नाटक की नजरें अब गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की पारी को जल्द समेटने पर होंगी। कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने तीन विकेट लिए। विद्याधर पाटिल, श्रेयस गोपाल और शिखर शेट्टी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
शुभम के शतक और युवा यावर हसन की 88 रन की जुझारू पारी की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन कर्नाटक के खिलाफ दो विकेट पर 284 रन बना कर मजबूत शुरुआत की थी। इससे पहले 27 साल के शुभम और यावर ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन जोड़कर आठ बार की चैंपियन टीम के खिलाफ बड़े स्कोर की नींव रखी। दो शतकीय साझेदारियों में शामिल शुभम ने शिखर शेट्टी के खिलाफ डीप मिड-विकेट के ऊपर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। इस उपलब्धि का जश्न उन्होंने हेलमेट उतारकर और ड्रेसिंग रूम की ओर हाथ उठाकर मनाया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


