वैभव सूर्यवंशी सबसे अलग है.., रजत पाटीदार में तारीफ में कह दी बहुत बड़ी बात
हाल ही में एक पॉडकास्ट में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने 15 वर्षीय युवा सनसनी को सबसे अलग बताया है। क्या कुछ कहा है पूरा पढ़िए।

पिछले दो सालों में सबसे ज्यादा जिस क्रिकेटर ने सुर्खियां बटोरी हैं वह कोई उम्र दराज खिलाड़ी नहीं, बल्कि 15 साल का एक लड़का है जिसका नाम वैभव सूर्यवंशी है। आईपीएल 2025 में 14 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले बिहार के क्रिकेटर ने देखते ही देखते घरेलू और इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी धाक जमा ली है। आईपीएल 2026 में उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए ना सिर्फ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के मारे, बल्कि 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा रन बनाए और ऑरेंज कैप भी जीती। साथ ही प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी अपने नाम किया।
इंग्लैंड के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले क्रिकेटर बने। उन्होंने सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया। इंग्लैंड सीरीज में उनके बल्ले से कुछ खास रन नहीं निकले लेकिन उन्होंने जिम्बाब्वे सीरीज में कई कीर्तिमान अपने नाम स्थापित कर लिए। उस सीरीज में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। पिछली तीन सीरीज में वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में शामिल हुए हैं और चौथी सीरीज जो अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जानी है उसके लिए भी उन्हें चयनित कर लिया गया है। इसका सीधा मतलब यह है कि वह अब भारतीय T20 टीम का नियमित हिस्सा बनने वाले हैं। वे घरेलू लाल गेंद की क्रिकेट में भी काफी ध्यान दे रहे हैं।
आरसीबी के कप्तान ने की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ
वैभव सूर्यवंशी किस तरह की प्रतिभा हैं इसके बारे में हाल ही में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने भी एक साक्षात्कार में बात की है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में बताया है कि वैभव सूर्यवंशी दूसरे क्रिकेटरों से बहुत ज्यादा अलग हैं। वे अपवाद हैं। जिस तरह से उन्होंने आईपीएल सीजन में बॉलर्स को डोमिनेट किया है और इस छोटी से उम्र में यह काम किया है वह अद्भुत है। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में इतना तक कहा कि उसके जैसी बैटिंग ना तो मैं कर पाऊंगा और ना ही कोई और भी कर पाता। वह जिस तरह से बड़े से बड़े गेंदबाज को डोमिनेट करता है वह बिल्कुल अलग है।
रजत पाटीदार ने स्पोर्ट्स लॉन्च्ड नामक यूट्यूब चैनल में दिए एक पॉडकास्ट में कहा "वैभव सूर्यवंशी बहुत ज्यादा एक्सेप्शनल (अपवाद, सबसे अलग) है। उसके जैसी बैटिंग ना तो मैं कर पाता और ना ही कोई और। जिस तरह से हर एक बॉलर को उसने डोमिनेट किया है। चाहे वह कितना भी बड़ा बॉलर हो मैंने कई बार देखा है कि बॉलर्स क्लूलेस नजर आए हैं। बॉलर्स को हमेशा लगा है कि यार क्या डालें इसके सामने। जिस तरह से उसने इस उम्र में गेंदबाजों को डोमिनेट किया है वह बिल्कुल अलग है। अपवाद है।" जब रजत पाटीदार से पूछा गया कि क्या वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम मीटिंग में कोई प्लानिंग होती थी तब पाटीदार ने कहा “अरे बिल्कुल होती थी और मुझे लगता है कि हर टीम के ड्रेसिंग रूम में रणनीति बनाते समय वैभव सूर्यवंशी के बारे में बात होती थी या होती रही होगी, जब आरआर के साथ मैच होता रहा होगा।”



