रजत पाटीदार ने बताया RCB vs SRH मैच का टर्निंग पॉइंट, विराट कोहली नहीं…इसे बताया जीत का हीरो
रजत पाटीदार ने पहले तीन ओवर में अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड के विकेट को मैच का टर्निंग पॉइंट बताया। हालांकि इन दोनों विस्फोटक बल्लेबाजों को खोने के बावजूद हैदराबाद 200 पार पहुंचने में कामयाब रहा था।

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने 15.4 ओवर में 200 से अधिक रन का टारगेट चेज कर इतिहास रचा। आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इस रनचेज में अहम भूमिका निभाई। कप्तान रजत पाटीदार ने उनकी तारीफ में कसीदे तो पढ़ी है, मगर उन्होंने पहले तीन ओवर को मैच का टर्निंग पॉइंट बताया। आरसीबी के लिए डेब्यू कर रहे जैकब डफी ने पहले तीन ओवर में ही अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया था। हालांकि इसके बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक के दम पर 200 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही थी।
रजत पाटीदार ने मैच के बाद कहा, "जिस तरह से लड़कों ने खेला और सबने मिलकर योगदान दिया, वह एक अच्छा संकेत था। सबसे पहले, यह हमारे लिए सीज़न का पहला मैच था, और जिस तरह से सबने मिलकर टीम के लिए प्रदर्शन किया, मुझे लगता है कि यह हमारे लिए एक बहुत ही सकारात्मक संकेत था।
RCB vs SRH मैच का टर्निंग पॉइंट
जिस तरह से डफी ने अपना पहला मैच खेला और जिस तरह से उन्होंने गेंदबाज़ी की, मुझे लगता है कि वह सचमुच बहुत प्रभावशाली था। जिस तरह से उन्होंने हेड और अभिषेक के विकेट लिए, मुझे लगता है कि वह हमारे लिए मैच का टर्निंग पॉइंट था।
विराट कोहली नंबर-1 बल्लेबाज
(आक्रामक बल्लेबाज़ी का तरीका) यह कोई तय नीति नहीं है, बल्कि हम विकेट का आकलन कर रहे हैं। विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था। जिस तरह से विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल ने अपनी पारियां खेलीं, मुझे लगता है कि उससे बाकी बल्लेबाज़ों के लिए एक मज़बूत नींव रखी गई। इसलिए हम बस ऐसा ही करते रहेंगे। मुझे लगता है कि उनके (कोहली) लिए मेरे पास कोई शब्द नहीं हैं। जब भी वह मैदान पर उतरते हैं, खासकर जब टीम लक्ष्य का पीछा कर रही होती है, तो वह एक नंबर एक बल्लेबाज की तरह प्रदर्शन करते हैं। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की और आखिर तक क्रीज़ पर टिके रहे, वह शानदार था।
फिल सॉल्ट के जबरदस्त कैच से पाटीदार भी हैरान
फिल सॉल्ट ने बहुत ही जबरदस्त कैच लपका। मैं खुद हैरान रह गया था! लेकिन जैसा कि आप जानते हैं, वह एक बहुत अच्छे फील्डर हैं। मैंने उन्हें हवा में कई कैच लपकते देखा है, इसलिए वह एक बेहतरीन प्रयास था।"
बता दें, सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 201 रन बोर्ड पर लगाए थे। ईशान किशन ने 38 गेंदों पर 80 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। इस स्कोर का पीछा आरसीबी ने महज 15.4 ओवर में किया। विराट कोहली 69 रन बनाकर अंत तक नाबाद रहे। देवदत्त पडिक्कल ने 26 गेंदों पर तूफानी अंदाज में 61 रन बनाए। डफी ने गेंदबाजी में कुल 3 विकेट चटकाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


