IND vs WI 5वें टी20 पर बारिश का साया, 10.16 तक मैच शुरू नहीं हुआ तो क्या होगा?
IND vs WI 5वां टी20 आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि इस मैच पर बारिश का तगड़ा साया है। अगर मैच रात 10 बजकर 16 मिनट तक शुरू नहीं हो पाता तो सीरीज 2-2 पर समाप्त हो जाएगी।

भारत बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का आज बेहद ही अहम मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। 5 मैच की इस टी20 सीरीज के 4 मुकाबलों के बाद यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खड़ी है। भारत की हर बढ़त के साथ वेस्टइंडीज ने पलटवार किया और सीरीज का रोमांच बनाए रखा। आज सीरीज का डिसाइडर मैच शाम 7 बजे से खेला जाना है। इस मैच को जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। बता दें, वेस्टइंडीज ने भारत में 2002 के बाद किसी भी फॉर्मेट में कोई सीरीज नहीं जीती है। हालांकि इस मैच पर बारिश का तगड़ा साया है, कयास लगाए जा रहे हैं कि मैच धुल भी सकता है। हां, अगर रात में मौसम में थोड़े बदलाव होते हैं और ग्राउंड्समैन समय पर मैदान सुखाने में कामयाब रहते हैं तो फैंस को छोटा मगर रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
बेंगलुरु में शाम 4 बजे से बारिश की संभावना अधिक
बेंगलुरु में आज दोपहर 3 बजे तक मौसम काफी सुहाना रहने के चांसेस हैं, मगर Accuweather की रिपोर्ट के अनुसार शाम 4 बजे से बारिश की अधिक संभावनाएं हैं। शाम के समय तेज हवाओं के साथ-साथ तूफान की भी संभावनाएं जाताई जा रही है। दोपहर 4 बजे से रात 11 बजे तक बारिश की संभावनाएं 50 से 70 प्रतिशत है, ऐसे में मुकाबला होने के चांसेस काफी कम दिखाई दे रहे हैं।
बेंगलुरु में आज प्रति घंटे के हिसाब से बारिश होने की संभावनाएं (शाम 4 बजे से)
दोपहर 4 बजे- 68 प्रतिशत
शाम 5 बजे- 71 प्रतिशत
शाम 6 बजे- 49 प्रतिशत
शाम 7 बजे- 64 प्रतिशत
रात 8 बजे- 49 प्रतिशत
रात 9 बजे- 49 प्रतिशत
रात 10 बजे- 56 प्रतिशत
रात 11 बजे- 49 प्रतिशत
रात 10.16 मिनट तक मैच शुरू नहीं हुआ तो क्या होगा?
आईसीसी के नियमों के अनुसार एक टी20 मैच के रिजल्ट के लिए कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी है। वहीं नियमों के अनुसार टी20 मैच के कटऑफ टाइमिंग 3 घंटा 16 मिनट की है। तय समय के अनुसार भारत-वेस्टइंडीज पांचवां टी20 शाम 7 बजे से शुरू होना है, बारिश की वजह से अगर मैच समय पर शुरू नहीं हो पाता और रात 10 बजकर 16 मिनट तक पहली गेंद नहीं डलती तो मुकाबले को रद्द कर दिया जाएगा। इस स्थिति में यह 5 मैच की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हो जाएगी।
भारत ने इससे पहले वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज में 2-1 से हराया था।


