ब्रेंडन मैकुलम के बाद राहुल द्रविड़ बन सकते हैं इंग्लैंड के कोच! देखें संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट

लाइव हिन्दुस्तान, लंदन, भाषा
Follow us on Google News
share

ब्रेंडन मैकुलम को बर्खास्त किए जाने के बाद इंग्लैंड टेस्ट टीम के लिए नए कोच की तलाश में है। इस पद के लिए संभावित उम्मीदवारों में भारत के राहुल द्रविड़ का नाम भी है। द्रविड़ की कोचिंग में भारत ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की थी।

Rahul Dravid

ब्रैंडन मैकुलम को टेस्ट में खराब प्रदर्शन के बाद इस प्रारूप में इंग्लैंड के कोच पद से हटाए जाने के बाद भारत के महान खिलाड़ी राहुल द्रविड़ उनकी जगह लेने के दावेदारों में शामिल हो गए हैं। 'डेली टेलीग्राफ' की एक रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ उन संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल हैं जिनमें इंग्लैंड के पूर्व कोच एंडी फ्लावर और इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर रिचर्ड डॉसन भी हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में इंग्लैंड की 1-2 से हार के बाद टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का चार साल का कार्यकाल खत्म हो गया।

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने अगले साल होने वाली एशेज सीरीज से पहले 'बदलाव करने का सही समय' मानते हुए यह फैसला लिया। वह वनडे और टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कोच बने रहेंगे।

द्रविड़ (53 वर्ष) ने भारत को 2024 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब और 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचाया। उन्हें उनके काम करने के तरीके और खेल की गहरी समझ के कारण एक बेहतरीन उम्मीदवार माना जा रहा है।

हालांकि अखबार ने यह भी बताया है कि द्रविड़ की फुल टाइम कोचिंग करने की कोई इच्छा नहीं है।

रिपोर्ट के अनुसार, ''द्रविड़ की फुल टाइम कोचिंग करने की कोई इच्छा नहीं है, लेकिन इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से उन्हें घर पर ज्यादा समय बिताने और खेल के अपने पसंदीदा प्रारूप को जीवंत बनाए रखने में मदद करने का मौका मिलेगा। इंग्लैंड को कम से कम उनकी दिलचस्पी के बारे में तो पता करना ही चाहिए।''

राहुल द्रविड़ को कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है, वह युवा खिलाड़ियों को तराशने में माहिर हैं। उन्होंने भारत की सीनियर टीम से पहले अंडर-19 टीम और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में भी अपनी सेवाएं दी हैं।

प्रमुख उम्मीदवारों में जिम्बाब्वे के महान खिलाड़ी एंडी फ्लावर भी शामिल हैं, जो आधुनिक युग में इंग्लैंड के सबसे सफल कोच रहे हैं। उन्होंने टीम को तीन बार एशेज सीरीज में जीत दिलाई और टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक स्थान तक पहुंचाया।

फ्लावर को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी काफी सफलता मिली है जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ लगातार आईपीएल खिताब जीतना भी शामिल है।

ग्लेमॉर्गन के मौजूदा मुख्य कोच डॉसन को भी एक गंभीर विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने काउंटी और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तरों पर अपनी रणनीतिक समझ और कोचिंग कौशल से प्रभावित किया है।

रिपोर्ट में जिन अन्य नामों का जिक्र है उनमें श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा, इंग्लैंड लायंस के कोच एंड्रयू फ्लिंटॉफ, पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर शामिल हैं।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।