दांबुला में हुए ड्रामे पर आर अश्विन ने बोला कड़वा सच, श्रीलंका की चाल में फंस गई भारतीय टीम
आर अश्विन ने दांबुला में हुए ड्रामे पर प्रतिक्रिया दी है। इंडिया ए को यहां श्रीलंका के हाथों रोमांचक मैच में हार का सामना करना पड़ा। मैच सुपर ओवर में गया था।

इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में खेले गए ट्राई सीरीज मैच में काफी ड्रामा देखने को मिला। हालांकि, मैच बेहद रोमांचक था। इंडिया ने 49.2 ओवर में 265 रन बनाए। श्रीलंका ए ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 265 जुटाए, जिससे मैच टाई हो गया। रिजल्ट सुपर ओवर में निकला, जहां श्रीलंका ए बाजी मारने में कामायाब रही। दांबुला में हुए ड्रामे पर भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने कड़वा सच बोला है। उनका मानना है कि भारतीय टीम को श्रीलंका ने अपने माइंड गेम्स की चाल में फंसा लिया। श्रीलंका ने सुपर ओवर में बैटिंग के लिए आने में देरी की थी, जिससे भारतीय खेमा बहुत नाराज हुआ। श्रीलंका ने सुपर ओवर में 16 रन बटोर जबकि इंडिया ए ने सिर्फ 9 रन जुटाए।
कप्तान तिलक वर्मा की तीखी बहस
वहीं, रोमांचक अंत के बाद युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका के एक खिलाड़ी को धक्का देते हुए देखा गया। कप्तान तिलक वर्मा द्वारा अंपायर से तीखी बहस करना भी चर्चा में रहा। अंपायर कम रोशनी के कारण सुपर ओवर नहीं चाहते थे लेकिन तिलक ने ऐसा करने की 'जिद' की। ओवर ओवर में नो-बॉल को लेकर भी विवाद हुआ। तेज गेंदबाज अरशद खान ने आखिरी गेंद फुल टॉस डाली जिस पर कोई रन नहीं बना। भारतीय खिलाड़ी मैदान से बाहर जाने लगे मगर अंपायर ने इसे नो-बॉल करार दिया। खिलाड़ियों को फिर लौटना पड़ा। सीरीज में अफगानिस्तान के बाद श्रीलंका के हाथों हार मिलने से भारत की फाइनल में पहुंचने की राह कठिन हो गई है।
'इन मैचों में उतने कैमरे नहीं होते, जितने…'
अश्विन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''इन मैचों में उतने कैमरे नहीं होते, जितने हम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में देखने के आदी हैं। सुपर ओवर में नो-बॉल का फैसला बहस का विषय था। श्रीलंका ने जिस तरह से सुपर ओवर में बैटिंग के लिए आने में देरी की, उसने इंडिया ए की टीम को नाराज कर दिया। इंडियन टीम की फ्रस्ट्रेशन समझ में आती है जबकि श्रीलंका ने प्रॉपर माइंड गेम्स खेला। शानदार ड्रामा।'' पूर्व स्पिनर की पोस्ट पर फैंस के जमकर रिएक्सन आ रहे हैं। एक यूजर ने कहा, ''गेम ऐसा ही होना चाहिए, प्रॉपर ड्रामा, प्लानिंग, एग्जिक्यूशन और रिजल्ट।''
शुरू में ऐसा लगा कि सुपर ओवर का कोई प्रावधान नहीं है क्योंकि भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा की मैदानी अंपायरों के साथ लंबी और तीखी बहस हुई लेकिन 10 मिनट बाद अंपायर मान गए। अंपायरों और तिलक के बीच बातचीत के दौरान भी सूर्यवंशी चर्चा में शामिल होते दिखे लेकिन मुख्य कोच ऋषिकेश कानिटकर ने उन्हें पीछे खींच लिया। यह देखना दिलचस्प होगा कि मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश कोई आधिकारिक सजा की घोषणा करते हैं या खिलाड़ियों को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ देते हैं।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



