विराट कोहली से क्रिकेट की नहीं बल्कि ऐसी बातें करते हैं आर अश्विन, बताया दोनों का रिश्ता कब बेहतर हुआ?
आर अश्विन लंबे समय तक विराट कोहली के साथ खेले। दोनों ने साल 2011 में डेब्यू किया था। अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके जबकि कोहली एक्टिव हैं। उन्होंने कोहली संग अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात की है।

भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन की सुपरस्टार क्रिकेटर विराट कोहली के साथ जबर्दस्त बॉन्डिंग है। वह भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक कोहली के साथ खेले। हालांकि, अश्विन की जब भी कोहली से बात तो होती है तो क्रिकेट की चर्चा नहीं होती बल्कि दोनों गॉसिप करते हैं। अश्विन ने खुद यह खुलासा किया है। उन्होंने दिसंबर 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था जबकि कोहली वनडे में एक्टिव हैं। कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं। वह इन दिनों वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहे हैं। कोहली ने तिरुवनंतपुरम में आयोजित पहले वनडे में आतिशी शतक (88 गेंदों में नाबाद 139) जमाया।
'किसी को नीचा दिखाने के लिए...'
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''अब जब हम फोन पर बात करते हैं, तो कोई सीख या क्रिकेट से जुड़ी चर्चा नहीं होती। हम बस टाइमपास करते हैं। हम दोनों को एक-दूसरे से क्रिकेट के बारे में बात करना पसंद नहीं है। हमें बस गपशप करना अच्छा लगता है। सच कहूं तो हमें किसी के बारे में बातें करके मजा बहुत अच्छा लगता है। लेकिन हम ऐसा किसी को नीचा दिखाने के लिए नहीं करते।'' पूर्व स्पिनर ने धाकड़ पेसर जसप्रीत बुमराह का उदहारण दिया। अश्विन ने कहा, ''मान लीजिए मैं और विराट ट्रेनिंग के दौरान नेट्स के पीछे खड़े हैं, तो वह मजाक-मजाक में बस इतना कहेंगे, 'देखो बुमराह के हाथ कैसे चलते हैं या वह कैसे चलता है।' विराट दूसरों की नकल बहुत करते हैं और अगर वह आपको कुछ करते हुए देखते हैं, तो वह भी वैसा ही करने की कोशिश करते हैं। वह ऐसा अक्सर करते हैं और मजाक-मजाक में लोगों को ट्रोल भी करते हैं। मुझे विराट का यह रूप बहुत पसंद है।''
दोनों का रिश्ता कब बेहतर हुआ?
कोरोना महामारी के दौरान खिलाड़ियों को सुरक्षित रखने के लिए बायो-बबल तैयार किया था। उस दौरान खिलाड़ियों का बाहरी दुनिया से ज्यादा संपर्क नहीं था। अश्विन और कोहली का रिश्ता बायो-बबल में बेहतर हुआ। अश्विन ने बताया, ''हमने कोविड-19 के दौरान 'बबल' में काफी समय बिताया। तब हमारा रिश्ता बेहतर हुआ। कोविड के बाद एक इंसान के तौर पर मुझमें काफी बदलाव आया और इसी वजह से विराट के साथ मेरा रिश्ता बेहतर हो गया। हमने साथ में काफी समय बिताया और खूब बातें कीं।'' बता दें कि अश्विन ने 2010 में इंटरनेशनल डेब्यू किया। वह 14 सालों तक भारत की ओर से खेले। उन्होंने 106 टेस्ट, 116 वनडे और 65 T20I खेले। अश्विन ने 765 इंटरनेशनल विकेट लिए।



