कप्तान शुभमन गिल को लेकर आर अश्विन के मन में था ये शक, बोले- मैं खुश और हैरान हूं कि…
आर अश्विन ने शुभमन गिल की तारीफ की है। हालांकि, गिल को जब कप्तान बनाया गया था तो अश्विन के मन में कुछ संदेह थे। गिल की कप्तानी में सुधार होने से अश्विन खुश हैं।

शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। भारत ने तिरुवनंतपुरम में 296 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आठ विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। शुभमन (108) और विराट कोहली (नाबाद 139) ने शतक जमाया। दूसरा वनडे बुधवार को गुवाहाटी के मैदान पर आयोजित होगा। भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने गुवाहाटी वनडे से पहले शुभमन की सराहना की है। गिल को जब कप्तानी सौंपी गई थी तो अश्विन को उनकी नेतृत्व क्षमता को लेकर कुछ संदेह थे। लेकिन अश्विन अब शुभमन की कप्तानी में सुधार देखकर हैरान हैं। 27 वर्षीय शुभमन के पास भारत की टेस्ट और वनडे टीम की कमान है।
'मैं खुश और हैरान हूं कि…'
अश्विन ने 'ऐश की बात' यूट्यूब चैनल पर कहा, ''उनकी कप्तानी भी दिन-ब-दिन बेहतर होती जा रही है। मेरे मन में शक था कि शुभमन कैसे संभालेंगे लेकिन हमें उनकी तारीफ करनी चाहिए। इंडियन क्रिकेट में ज्यादा ऑप्शन नहीं थे और शुभमन सबसे स्टेबल और मैच्योर बंदा था। उनको कप्तानी मिली। उनकी कप्तानी का स्तर बेहतर हो रहा, जिससे मैं खुश और सुखद रूप से हैरान भी हूं। उन्होंने इस साल गुजरात टाइटंस (जीटी) की भी बढ़िया कप्तानी की थी और अब भारत के लिए भी ऐसा ही कर रहे हैं। वह ना सिर्फ बतौर बल्लेबाज बल्कि कप्तान के रूप में बेहतर हो रहे हैं। यह एक बहुत अच्छी खूबी है। शुभमन गिल भारतीय बल्लेबाजों की अगली पीढ़ी के बेस्ट बैटर्स में से एक होंगे।'' बता दें कि शुभमन को मई 2025 में टेस्ट कप्तान नियुक्त किया था। उन्हें पिछले साल अक्तूबर में भारतीय वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था। शुभमन ने 2019 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह अब तक भारत के लिए 43 टेस्ट, 68 और 36 T20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।
कोहली ने भी शुभमन की तारीफ
विराट कोहली ने तिरुवनंतपुरम वनडे के बाद शुभमन गिल के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें भारतीय टीम की कप्तानी सौंपे जाने के पीछे ठोस वजह है। कोहली ने 'बीसीसीआई टीवी' से कहा, ''कहा, "एक कारण है कि वह टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके पास खेल को उस नजरिये से देखने की क्षमता है, जिससे वह टीम को जीत दिला सकते हैं।" उन्होंने कहा, "जब से वह टीम में आए हैं, मैं उन्हें जानता हूं। उनके साथ मेरा रिश्ता हमेशा खुला और हंसी-मजाक से भरा रहा है। अब वह नेतृत्व की भूमिका में हैं। मैं लंबे समय तक उस भूमिका में रहा हूं और अब मैं एक वरिष्ठ खिलाड़ी हूं।" कोहली ने आगे कहा, ''जब टीम के अनुभवी खिलाड़ी या कप्तान के चेरहे पर मुस्कानी रहती है और वे हंसी-मजाक करने के साथ माहौल को हल्का रखते हैं तो बाकी खिलाड़ियों को भी लगता है कि सब ठीक है। बड़े दबाव वाले मुकाबले में भी अगर सभी हंस रहे हों तो इससे बाकी खिलाड़ी सहज हो जाते हैं। हम उन्हें दिखाते हैं कि दबाव लेने की जरूरत नहीं है। हम मुस्कुरा सकते हैं, हंसी-मजाक कर सकते हैं, लेकिन मैदान पर पेशेवर रवैया बनाए रखना है।''



