
संजू सैमसन को CSK की कप्तानी मिलेगी या नहीं, आर अश्विन ने IPL 2026 को लेकर दिया दो टूक जवाब
संक्षेप: संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा बनने की अटकलें लग रही हैं। वह राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान हैं। सीएसके और आरआर के लिए खेल चुके आर अश्विन ने सैमसन को लेकर एक बड़ी बात कही है।
आईपीएल 2026 के लिए मिनी ऑक्शन से पहले संजू सैमसन के ट्रेड की अटकलों का बाजार गर्म है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स (आरआर) अपने कप्तान सैमसन के बदले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से रवींद्र जडेजा और सैम करन को चाहती है। सैमसन अगर सीएसके का हिस्सा बनेंगे तो उन्हें कप्तानी मिलेगी या नहीं? भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने इस सवाल का दो टूक जवाब दिया है। अश्विन का मानना है कि सीएसके सीधे आईपीएल 2026 में सैमसन को कमान नहीं सौंपेगी। अश्विन आईपीएल में चेन्नई और राजस्थान फ्रेंजाइजी के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल से भी रिटायरमेंट ले लिया है।

अश्विन ने 'ऐश की बात' यूट्यूब चैनल पर कहा, ''मुझे नहीं लगता कि संजू को सीएसके में कप्तानी मिलेगी क्योंकि यह उनका पहला साल होगा। मैं पहले साल सीधे कप्तानी मिलने को लेकर निश्चित नहीं हूं। ऋतुराज गायकवाड़ कमान संभालना जारी रखेंगे। लेकिन अगर ट्रेड होता है तो संजू निश्चित रूप से भविष्य में नेतृत्व करने के लिए एक विकल्प होंगे।" अश्विन को लगता है कि सैमसन के ट्रेड से सीएसके को फायदा होगा। उन्होंने कहा, “सीएसके को शीर्ष क्रम में अंतर को पाटने से भी फायदा होगा। आयुष म्हात्रे और संजू सैमसन ओपनिंग कर सकते हैं, ऋतुराज तीसरे नंबर पर आ सकते हैं, जो वह करना चाहते हैं। इससे उन्हें संतुलन मिलता है। लेकिन नुकसान यह होगा कि वे दूसरा स्पिनर कहां से लाएंगे? वह स्पिनर कौन होगा जिस पर वे मिडिल ओवर्स में गेंदबाजी के लिए भरोसा करेंगे? उनके लिए वह बेहतरीन मार्की फील्डर कौन है? फिनिशिंग ही मुद्दा है।”
पूर्व स्पिनर ने आगे कहा, "फैंस के मन में एक बात होगी कि जडेजा का सीएसके के प्रति लगाव कैसा है। जडेजा सीएसके के लिए कोई छोटे खिलाड़ी नहीं हैं। जडेजा और सीएसके के साथ कुछ भावनाएं जुड़ी हैं। और ट्रेडिंग ऐसा कुछ नहीं है जो उन्होंने पहले किया हो। यह जडेजा के लिए भी एक अच्छा मौका हो सकता है। आरआर कई युवाओं और कई कनेक्शनों पर बनी टीम है। जडेजा को बाहर करना सीएसके के लिए एक बड़ा फैसला है।" वहीं, सैमसन की ट्रेड डील अभी फाइनल नहीं हुई है। सीएसके के अधिकारी ने पीटीआई से कहा, ''सभी जानते हैं कि हम संजू सैमसन को खरीदने में रुचि रखते हैं। हमने इस ट्रेडिंग विंडो में उनको खरीदने में अपनी रुचि व्यक्त की है। आरआर ने अभी तक पुष्टि नहीं की है, क्योंकि उनके प्रबंधन ने कहा है कि वे विकल्पों (किसे सीएसके से लेना है) पर विचार कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि सैमसन सीएसके के लिए खेलेंगे।''






