
क्वालिटी प्लेयर, क्वालिटी लीडर, क्लास...सुपर फ्लॉप शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव के बचाव में उतरे कोच
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशेट ने शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव के लचर प्रदर्शन का बचाव किया है। उन्होंने दोनों में पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों अपनी फॉर्म हासिल कर लेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने तो गिल में कुछ अच्छे संकेत भी ढूंढ लिया है।
टी20 विश्व कप से पहले भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल की खराब फॉर्म एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में दोनों ही बुरी तरह फेल हुए। शुभमन गिल पहली ही गेंद पर आउट हुए और सूर्यकुमार यादव भी सस्ते में निपट गए। भारत मैच हार गया लेकिन टीम के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशेट ने इन दोनों खिलाड़ियों पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों अपनी फॉर्म हासिल कर लेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने तो गिल में कुछ अच्छे संकेत भी ढूंढ लिया है।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज के अब तक हुए दोनों मैचों में शुभमन गिल और सूर्यकुमार यादव दोनों ने मिलकर सिर्फ 21 रन बनाए हैं। दोनों करीब एक साल से टी20 में एक अदद अर्धशतक तक के लिए तरस रहे हैं। गिल की वजह से संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ रहा है।
गिल का बचाव करते हुए टेन डोएशेट ने कहा, 'मैंने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गिल की मानसिकता में कुछ अच्छे संकेत देखे थे।' उनका इशारा नवंबर में हुई सीरीज में गिल के अप्रोच में बदलाव की झलक की तरफ था।
टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच ने कहा, 'इस सीरीज में उनके दो बार आउट होने की बात करें तो पहले मैच में हमने उनसे कहा था कि कि जाइए और पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाजी की कीजिए। कटक में विकेट बहुत अच्छा नहीं था, इसलिए उसमें उनकी कोई गलती नहीं थी। हालांकि आज (गुरुवार) उन्हें एक अच्छी गेंद मिली और जब आप फॉर्म में नहीं होते तो ऐसा हो सकता है।'
टेन डोएशेट ने गिल के क्लास की दुहाई देते हुए कहा, ‘हम उनका क्लास भी जानते हैं। अगर आप आईपीएल में उनके रिकॉर्क को देखेंगे तो उन्होंने 700 रन, 600 रन, 800 रन, 600 रन बनाए हैं। हम उनके क्लास में भरोसा करते हैं और हमें विश्वास है कि वह अच्छा खेलेंगे।’
असिस्टेंट कोच ने कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी इसी तरह बचाव किया। उन्होंने कहा, 'ठीक यही बात सूर्या के साथ भी है...मैं समझता हूं कि आप उनके जैसे क्वालिटी प्लेयर और क्वालिटी लीडर का समर्थन करेंगे और वे दोनों अच्छा करेंगे। मैं समझ सकता हूं कि बाहर से देखने पर ये चिंता की बात जैसे लग सकता है लेकिन मुझे इन दोनों में पूरा भरोसा है कि दोनों सही समय पर अच्छा करने लगेंगे।'
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए दूसरे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 51 रन से हरा दिया। 5 मैच की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। दक्षिण अफ्रीका टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत हासिल करने वाली टीम बन गई है। उसने इस फॉर्मेट में भारत को 13वीं बार हराया है।






