शादी टूटने के बाद पृथ्वी शॉ को बड़ी खुशखबरी, इस टीम के बने कप्तान, वैभव-सचिन भी शामिल
पृथ्वी शॉ को आगामी रणजी सीजन में 1 मैच के लिए महाराष्ट्र की कमान सौंपी गई है। वे नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपस्थिति में सर्विसेज के खिलाफ पहले मैच में कप्तानी करेंगे। सचिन और वैभव को भी इस टीम में शामिल किया गया है। देखिए पूरा स्क्वॉड।

पृथ्वी शॉ की हाल के दिनों में शादी टूटने की खबर सामने आई। उनकी मंगेतर ने साफ किया कि दोनों लोगों ने आपसी सहमति से निर्णय लिया है कि वे एक-दूसरे के साथ नहीं रहेंगे और ना ही यह शादी होगी। किसी की भी जिंदगी के लिए ऐसे पल बड़े दुखद और कई बार असहनीय होते हैं। जाहिर है पृथ्वी और उनकी पार्टनर के लिए भी रहे हों। हालांकि, इसके कुछ ही दिन बाद पृथ्वी शॉ के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। वे महाराष्ट्र रणजी टीम के कप्तान बनाए गए हैं। पृथ्वी शॉ एक मैच में महाराष्ट्र की कमान संभालेंगे। उनको यह जिम्मेदारी इसलिए दी गई है, क्योंकि नियमित कप्तान ऋतुरात गायकवाड़ भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच अनौपचारिक वनडे सीरीज खेलने में व्यस्त रहेंगे। भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच ये मुकाबले 6, 9 और 11 अक्टूबर को पांडुचेरी में खेले जाएंगे। वहीं, रणजी ट्रॉफी के 2026-27 सत्र की शुरुआत भी 11 अक्टूबर से होगी। ऐसे में गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में पृथ्वी शॉ महाराष्ट्र की कमान संभालेंगे।
सर्विसेज के खिलाफ पहले मैच के लिए महाराष्ट्र की टीम:
पृथ्वी शॉ (कप्तान), सचिन दास, वैभव दरकुंडे, दिग्विजय पाटिल, अंकित बवाने, हर्षल केट, सिद्धेश वीर, सौरभ नवले (विकेटकीपर), विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, तनय सांघवी, हितेश वालुंज, ऋषिकेश सोनावणे, अथर्व धर्माधिकारी।
इस टीम में पृथ्वी शॉ के अतिरिक्त सचिन दास और वैभव दरकुंडे जैसे खिलाड़ी भी हैं। मुकेश चौधरी एक जाना पहचाना नाम है। इन नामों के अतिरिक्त डोमेस्टिक सर्कल में अच्छा खेलने वाले अन्य खिलाड़ी भी टीम में शामिल किए गए हैं। सर्विसेज के खिलाफ पृथ्वी शॉ की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है देखना दिलचस्प होगा।
पृथ्वी शॉ की कप्तानी और अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
बता दें कि पृथ्वी शॉ पिछले साल ही महाराष्ट्र की टीम से जुड़े हैं। इससे पहले वह घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते थे। पृथ्वी शॉ एक अच्छे कप्तान हैं इसकी मिसाल वे साल 2018 में दे चुके हैं जब अंडर 19 टीम के कप्तान थे और भारत विश्व चैंपियन बना था। इसी विश्व कप ने पृथ्वी शॉ की किस्मत चमकाई थी। वे इंडियन सीनियर टीम में चयनित हुए थे। उनका करियर बेहतर तरीके से भारतीय टीम में शुरू हुआ लेकिन फिर प्रदर्शन कम हुआ और टीम से बाहर हो गए। अब तो उन्हें आईपीएल टीम की प्लेइंग XI में जगह बनाने में संघर्ष करना पड़ा रहा है। किसी तरह आईपीएल 2026 में पृथ्वी को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके बेस प्राइस पर खरीदा था, लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। ऐसे में महाराष्ट्र की कप्तानी मिलना पृथ्वी के लिए एक बड़ा कमबैक भी कहा जा सकता है।
पृथ्वी ने जब अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की तब ज्यादातर विशेषज्ञों ने उनकी तकनीक को देखते हुए अगला सचिन तेंदुलकर बताया था। हालांकि, बाद में उनका करियर बुरी तरह नीचे गया। पृथ्वी टीम इंडिया के लिए टेस्ट, वनडे और टी20 को मिलाकर सिर्फ 12 इंटरनेशनल मैच खेल पाए हैं, जिसमें उन्होंने 528 रन बनाए हैं।


