प्रिंस यादव ने 3 चौके लगाकर हासिल की अनोखी उपलब्धि, 15 साल बाद भारतीय क्रिकेट में हुआ ऐसा
Prince Yadav unique feat: प्रिंस यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 चौके लगाकर एक अनोखी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह 15 साल बाद नंबर-10 या 11 पर ऐसा कमाल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं।

प्रिंस यादव वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। आप कहेंगे कैसे? 4 ओवर के कोटे में तो उन्होंने बिना कोई विकेट लिए 37 रन खर्च किए, तो कैसे उन्होंने जीत में अहम भूमिका निभाई। तो बता दें, प्रिंस ने इस बार गेंद से नहीं बल्कि बैट से यह भूमिका अदा की। नंबर-10 पर बैटिंग करने उतरे प्रिंस यादव ने 6 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 13 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके दम पर भारत 223 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रहा। बता दें, वेस्टइंडीज यह मैच ज्यादा नहीं बस 14 रनों के अंतर से ही हारा है। ऐसे में प्रिंस यादव के यह 1-1 रन काफी मायने रखते हैं। प्रिंस ने अपनी पारी में लगाए 3 चौकों की मदद से एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली है, जो पिछले 15 सालों में कोई भारतीय क्रिकेट हासिल नहीं कर पाया है।
श्रीसंत और अश्विन के क्लब में शामिल हुए प्रिंस यादव
प्रिंस यादव रविवार को इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे T20I में तीन चौके लगाने के बाद एस श्रीसंत और रविचंद्रन अश्विन के साथ भारतीय बैट्समैन की एक खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। वह T20 इंटरनेशनल में कम से कम तीन बाउंड्री लगाने वाले नंबर 10 या नंबर 11 पर बैटिंग करने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय बैटर बन गए हैं। यह कारनामा 15 साल के गैप के बाद हुआ है, अश्विन 2011 में ऐसा करने वाले आखिरी भारतीय बैट्समैन थे। उन्होंने ऐसा 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता टी20 में किया था, जबकि श्रीसंत ने 2007 में न्यूजीलैंड के खिलाफ।
कैसा रहा IND vs WI तीसरा टी20
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज के मौजूदा भारत दौरे पर यह पहला मौका है जब कोई टीम लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही है।


