हीरो से विलन बनते-बनते बचा SRH का खिलाड़ी, ईशान किशन के भरोसे ने जीता दिल; जानें आखिरी ओवर में क्या हुआ?
195 रनों के टारगेट को डिफेंड करते हुए प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले तीन ओवर में 54 रन खर्च किए थे, मगर इसके बावजूद कप्तान ईशान किशन ने उन्हें पारी का आखिरी ओवर डालने का मौका दिया।
IPL एक ऐसा मंच है जहां खिलाड़ी रातों रात हीरो बन जाते हैं, मगर अगले ही पल उन्हें हीरो से विलन बनने में भी ज्यादा समय नहीं लगता। ऐसा ही कुछ सनराइजर्स हैदराबाद के प्रफुल्ल हिंगे के साथ होने वाला था। आईपीएल 2026 में डेब्यू करते हुए प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर इतिहास रच दिया था। वह आईपीएल में डेब्यू मैच के पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 ओवर के कोटे में 34 रन खर्च कर कुल चार विकेट चटकाए थे, जिसकी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया था। शनिवार, 18 अप्रैल को उन्होंने अपना आईपीएल का दूसरा मैच चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेला जहां पहले तीन ओवर में उन्होंने 54 रन लुटा दिए थे।
195 रनों के टारगेट को डिफेंड करते हुए प्रफुल्ल हिंगे का यह बेहद निराशाजनक प्रदर्शन था, मगर इसके बावजूद कप्तान ईशान किशन ने उन्हें पारी का आखिरी ओवर डालने का मौका दिया। सीएसके को आखिरी ओवर में जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी। प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले 3 ओवर में इसी औसत के साथ रन खर्च किए थे।
मगर वो कहते हैं ना जिंदगी आपको एक ही समय पर हीरो और विलन दोनों बनने का मौका देती है। प्रफुल्ल हिंगे अगर आखिरी ओवर में 18 रन डिफेंड नहीं कर पाते तो वह विलन बन जाते, मगर इस युवा खिलाड़ी ने आखिरी ओवर में मात्र 7 रन खर्च कर ना सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि खुद को विलन बनने से भी बचाया।
ईशान किशन ने जताया भरोसा
ईशान किशन के पास आखिरी ओवर के लिए दो ऑप्शन थे। एक 23 साल के स्पिनर शिवांग कुमार, जिन्होंने 3 ओवर में 18 ही रन खर्च किए थे। वहीं दूसरा प्रफुल्ल हिंगे, जिन्होंने 3 ओवर में 18 की इकॉनमी के साथ 54 रन खर्च किए थे।
ईशान किशन ने स्पिन की जगह पेस के साथ जाने का फैसला किया। प्रफुल्ल हिंगे ने इस ओवर में कसी हुई गेंदबाजी कर एक भी बाउंड्री नहीं दी, नतीजा उन्हें जेमी ओवरटन का बहुमूल्य विकेट मिला। उन्होंने ओवर से कुल 7 रन खर्च किए और अपनी टीम सनराइजर्स हैदराबाद को 10 रनों से जीत दिलाते हुए कप्तान के भरोसे पर खरे उतरे।
SRH vs CSK मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के इशान मलिंगा को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। उन्होंने 4 ओवर में 29 रन खर्च कर 3 विकेट निकाले थे।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


